अंबाला। कनीपला (कुरुक्षेत्र) में एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में एनसीसी अधिकारी अशोक कुमार के नेतृत्व में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बकरा मार्केट के 17 कैडेटों ने भाग लिया। यहां आयोजित ड्रिल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस शिविर के दौरान कर्नल परमिंदर सिंह ने कैडेटों को ड्रिल ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। स्कूल प्राचार्या आरती मेहता ने कैडेटों को बधाई दी और उनका उत्साह बढ़ाया। कमान अधिकारी 2 हरियाणा बटा एनसीसी अंबाला कैंट कर्नल परमिंदर सिंह के नेतृत्व में जी-आई एमटी कनीपला (कुरुक्षेत्र) में 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया।
यह शिविर तीन से 12 तक चला। अंबाला और पंचकूला जिला के विभिन्न स्कूल कॉलेजों के 501 कैडेट्स ने इसमें भाग लिया। इसमें कैडेट्स को ड्रिल,हथियार, एफसीबीसी, फायर फायटिंग, मैप रीडिंग, एनसीसी पाठ्यक्रम से संबंधित विभिन्न विषयों पर आधारित प्रशिक्षण दिया।
पांच जून को अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर कैडेटों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से निबंध लेखन व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कैडेटों की ओर से कनीपला गांव में जागरूकता रैली निकाली। कैडेटों ने जीआईएमटी कनीपला के प्रांगण में पौधारोपण किया। नौ जून को ग्रुप कमांडर अंबाला ब्रिगेडियर विकास शांडिल्य ने शिविर का निरीक्षण किया। 10 जून को नौ सेना की टीम ने कैडेटों को नौसेना में भर्ती होने के लिए जागरूक किया।
कुरुक्षेत्र से आए पुलिस अधिकारियों ने कैडेटों को यातायात नियमों की जानकारी दी। 11 जून की शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर शांडिल्य, ग्रुप कमांडर अंबाला ने शिरकत की तथा प्रतियोगिताओं के विजेता कैडेटों को पुरस्कृत किया।