अंबाला सिटी। जिले के सरकारी स्कूलों की शिक्षा में उच्चस्तरीय बदलाव के मकसद से शिक्षकों को हाईटेक करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। शिक्षा विभाग ने 767 मुख्य अध्यापकों को टैबलेट देने का फैसला किया है। इससे जहां शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा, वहीं बच्चों को भी प्रभावी शिक्षा का अनुभव मिलेगा।
अंबाला जिले के 767 विद्यालयों के मुखिया को शिक्षा विभाग की ओर से टैब वितरित किए जाएंगे। इन सभी टैब में शिक्षा से संबंधित विभिन्न प्रकार के स्कूलों के कार्यो के साथ-साथ बच्चों और शिक्षकों से संबंधित जानकारी रखी जाएगी। इसमें खास तौर पर शिक्षकों और बच्चों के वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड भी दर्ज किया जाएगा। इससे यह पता करना आसान हो जाएगा कि किन-किन शिक्षकों और बच्चों ने वैक्सीनेशन करवाया है। इसके अलावा इस आधुनिक टैब में कुछ ऐसे एप भी डॉउनलोड रहेंगे जो शिक्षा विभाग से जुड़ी हर प्रकार की जानकारी फौरी तौर पर बताएंगे। शिक्षा विभाग के जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कालड़ा ने बताया कि जिले के 767 प्राइमरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में करीब 89 हजार बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसमें लगभग 10 हजार शिक्षक और स्टाफ कार्यरत है। टैब की मदद से एक ही समय में शिक्षा से संबंधित विभिन्न प्रकार की योजनाओं को स्कूलों के मुखिया शिक्षकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। टैब की सहायता से शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर नजर रख पाएंगे। विभाग की ओर से जारी हर प्रकार की जानकारी समय-समय पर अपलोड करने के लिए स्कूलों के मुखिया शिक्षकों को कहा गया है। कालड़ा ने बताया कि आने वाले समय में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी टैब से मिल सकेगी। शिक्षकों को आधुनिक टैब के बारे में जानकारी दी जा रही है ताकि भविष्य में उनको टैब चलाने में कोई दिक्कत न हो।