अंबाला सिटी। दो दिन पहले सिटी के रेलवे स्टेशन के बिल्कुल साथ रेलवे अंडर ब्रिज के उद्घाटन की सौगात स्थानीय लोगों के लिए परेशानी बन गई। सौगात मिलने के बाद जाम से बचने के लिए अंडर पास का सहारा लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे लेकिन जलभराव देखकर लौटने को मजबूर हो गए। हर कोई हैरान था कि महज दो दिन पहले उद्घाटन के बाद यह स्थिति है। लोगों का कहना है कि जो दो दिन नहीं चला वे वर्षों कैसे चलेगा।
इस रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य बीते करीब चार वर्षों से चल रहा था। कार्य के दौरान रेलवे अंडर ब्रिज के दोनों ओर मार्केट के दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित चल रही थी। आम जनता भी लंबे समय से इंतजार कर रही थी पर कोई लाभ नहीं मिला। स्थानीय दुकानदारों की माने तो इस रेलवे अंडर ब्रिज का पंजाब राज्य के दर्जनों गांव वासियों को बड़ा लाभ होने की उम्मीद है। पंजाब राज्य के लोगों को बाजारों से संबंधित कार्य करने के लिए सिटी की मार्केट नजदीक लगती है। वह लोग कपड़ा मार्केट व रेलवे रोड के बाजारों में आवाजाही ज्यादा करते हैं। वहीं अंबाला की जनता को भी बड़ी सुविधा से रेलवे अंडर ब्रिज से मिलने वाली है। मानव चौक कोर्ट रोड से रेलवे रोड व कपड़ा मार्केट जाने के लिए मात्र दो मिनट का समय लगने वाला है। लोगों ने जल्द ही इसमें जलभराव की समस्या को खत्म करने की गुहार लगाई है।
कोई सुविधा नहीं मिली
प्रतिदिन कपड़ा मार्केट रेलवे रोड पर निजी कार्यों से आवाजाही करनी पड़ती है। रेलवे अंडर ब्रिज के उद्घाटन के बावजूद आम जनता को सुविधा नहीं मिल पा रही है। यदि रेलवे अंडर ब्रिज का कार्य पूरा नहीं किया गया था तो उद्घाटन करने मेें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी।
-ललित नारंग, निवासी मानव चौक क्षेत्र, अंबाला सिटी।
ग्राहकी बढ़ने की उम्मीद
रेलवे अंडर ब्रिज के बनने से मार्केट में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है, मगर रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे पानी जमा होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। यदि पानी की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया तो दुकानदारी और ज्यादा बेहतर हो सकती है।
-सुनील कुमार, राहगीर निवासी गांव गरनाला।
चार वर्ष किया इंतजार
बीते करीब चार वर्षों से रेलवे अंडर ब्रिज के बनने का इंतजार किया जा रहा था। इसका लाभ पंजाब के दर्जनों गांव वासियों को भी मिलने वाला है। पंजाब राज्य के गांव ऐसे हैं, जिनके बाजारों से संबंधित कार्य शहर में ही होते हैं। रेलवे अंडर ब्रिज जल्द ही लोगों को समर्पित किया जाए।
-राजकुमार, स्थानीय दुकानदार, रेलवे रोड, अंबाला सिटी।
प्रतिदिन मानव चौक क्षेत्र से अग्रसेन चौक कपड़ा मार्केट से होकर रेलवे रोड जाना पड़ता है। जिस कारण कपड़ा मार्केट में जाम की स्थिति से गुजरते हुए ही रेलवे रोड पहुंचते हैं। यदि यह रेलवे अंडर ब्रिज सही ढंग से चला तो मात्र दो मिनट के समय में रेलवे रोड पहुंचने में लगेंगे।
-हरप्रीत तलवार, स्थानीय दुकानदार, रेलवे रोड, अंबाला सिटी।
लोगों की मांग को देखते हुए रेलवे अंडर ब्रिज उद्घाटन किया गया लेकिन ब्रिज के नजदीक जमीन का स्तर नीचे होने के कारण कुछ पानी जमा हो रहा है। जिसको दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों की टीम कार्य कर रही है। जल्द ही जमा हुए पानी की समस्या से लोगों को निजात दिलवाने का काम किया जाएगा। कपड़ा मार्केट व रेलवे रोड से जोड़ने वाले इस रेलवे अंडर ब्रिज का लाभ आम जनता को पहुंचेगा।
-रितेश गोयल, प्रतिनिधि अंबाला सिटी असीम गोयल विधायक।