संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल पुरानी कपड़ा मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है। महज दो दिन पहले सिटी थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने पुलिस बल और नगर निगम की टीम के साथ अवैध रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़कों से कब्जे हटवाए थे और दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद शुक्रवार को बाजार में स्थिति जस की तस नजर आई।
कपड़ा मार्केट और आसपास के बाजारों में दिनभर जाम लगा रहा। रेहड़ी-फड़ी वालों ने फिर सड़क किनारे कब्जा जमा लिया, जबकि खरीदारी के लिए आए लोग भी जगह-जगह वाहन खड़े करते नजर आए।
30 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर 5 फीट की रह गई
शुक्रवार को पुरानी कपड़ा मार्केट, शुक्ल कुंड रोड, अग्रसेन चौक और रेलवे रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के कारण हालात बदतर नजर आए। रेहड़ी-फड़ी वालों ने सड़कों के बीच तक फड़ियां लगा लीं। इसके चलते करीब 30 फीट चौड़ी सड़क कई स्थानों पर सिमटकर महज पांच फीट रह गई।
सड़क पर जगह कम होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को भी निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिली। खरीदारी करने आए लोगों को बाजार तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऑटो चालकों ने भी बढ़ाई जाम की समस्या
बाजार में केवल रेहड़ी-फड़ी वालों का अतिक्रमण ही परेशानी का कारण नहीं है। अग्रसेन चौक और शुक्ल कुंड रोड पर ऑटो चालक भी बीच सड़क पर वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। कई बार वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता नहीं बचा।
भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे वाहन चालकों और राहगीरों में कई बार बहस की स्थिति भी बनी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई के कुछ समय बाद ही अतिक्रमण दोबारा शुरू हो जाता है।
ठोस कार्रवाई नहीं होने से दुकानदार नाराज
स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि हर बार त्योहारों और खरीदारी के सीजन से पहले अतिक्रमण हटाने के नाम पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन टीम के लौटते ही रेहड़ी-फड़ी वाले दोबारा सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं। इससे बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को परेशानी होती है और कारोबार भी प्रभावित होता है।
दुकानदारों ने पुलिस और नगर निगम से मांग की है कि अतिक्रमण के खिलाफ केवल अभियान चलाने के बजाय स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि बाजार में यातायात सुचारु रहे और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
हाल ही में हम सभी दुकानदारों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधिकारियों से मिला था। उनसे अनुरोध किया है कि त्योहार से पहले एक व्यवस्था बनाई जाए। पुलिस ने लोगों को चेतावनी भी दी। इसके बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हुई है। ग्राहक कपड़ा मार्केट में काफी जद्दोजहद के बाद ही अंदर आ पा रहा है।विशाल बतरा, प्रधान, अंबाला सिटी होलसेल कपड़ा मार्केट एसोसिएशन
डिफेंस कॉलोनी में सामान जब्त
अंबाला। नगर परिषद ने शुक्रवार को डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुकानों के बाहर रखा सामान और साइन बोर्ड जब्त कर लिए। पुलिस की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 से 8 दुकानदारों के चालान काटे गए। मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि दुकानदारों द्वारा सामान फुटपाथ और सड़क तक फैलाने की शिकायतें मिल रही थीं। संवाद