शुक्रवार को जारी होने वाली दूसरे चरण की मेरिट सूची जारी नहीं हो सकी। सुबह से लेकर शाम तक छात्र व आईटीआई स्टाफ मेरिट सूची जारी होने का इंतजार करता रहे। देर शाम को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग निदेशालय हरियाणा ने दूसरे व तीसरे चरण की काउंसलिंग के समय सीमा में बदलाव किया है। इसको लेकर निदेशालय ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।
अब 23 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक अभ्यर्थियों के दस्तावेजों व प्रमाण पत्रों की जांच होगी। 24 को सभी संस्थानों में छुट्टी रहेगी। इसके उपरांत 26 अक्तूबर तक सभी अभ्यर्थियों से ऑनलाइन फीस भरवाई जाएगी। 28 को दूसरे चरण में रिक्त रहने वाली सीटों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। 30 अक्तूबर तक तीसरे चरण की काउंसलिंग में अभ्यर्थी अपनी पसंद इत्यादि भरने के साथ-साथ बदलाव भी कर सकेंगे। यह प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 2 नवंबर को तीसरे चरण की काउंसलिंग के अनुसार मेरिट सूची जारी की जाएगी।
इसके उपरांत 7 नवंबर तक सभी संस्थानों में चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र व दस्तावेजों की जाएगी। 8 नवंबर तक फीस भरी जाएगी।
राजकीय औद्योगिक संस्थान अंबाला शहर के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि उन्होंने पत्र के माध्यम से निदेशक महोदय को एक पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि 24 अक्तूबर को करवा चौथ के पर्व होने के कारण अवकाश रखा जाए। तीसरे चरण की काउंसलिंग में भी 4 नवंबर व 5 नवंबर को अवकाश किया जाए। इससे सभी कर्मचारी व अभ्यर्थी दीपावली के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मना सकें। उनके अनुरोध पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने यह आदेश जारी किए हैं।