अंबाला छावनी के उपमंडल कार्यालय में एसडीएम को शिकायतें सौंपते ग्रामीण। प्रवक्ता
नारायणगढ़। उपमंडल कार्यालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, बीपीएल राशन कार्ड और बुनियादी विकास कार्यों को कराने की मांग के लिए काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान करीब छह शिकायतें आईं। जिन्हें एसडीएम शिवजीत भारती ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में तसडौली गांव की सलोचना देवी, जंगूमाजरा की लक्ष्मी देवी और डैहर के रवि कुमार ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता शुरू करवाने की गुहार लगाई। वहीं, वार्ड नंबर-5 के लव कुमार ने रायपुर विरान क्षेत्र में गली निर्माण की मांग उठाई। मोमनपुर-कुराली गांव के ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े खतरनाक किकर के पेड़ों को हटवाने का आग्रह किया। इसके अलावा, शहजादपुर से आए लछमन दास ने नए पटवारखाने के निर्माण का मुद्दा उठाया। वहीं, वासलपुर के रमजान और बड़ी कोहडी की जीतो देवी ने बीपीएल कार्ड कटने की पीड़ा प्रशासन के सामने रखी। बड़ी कोहडी की ही सत्या देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रुकी हुई दूसरी किस्त जल्द जारी करवाने की मांग की।
एसडीएम शिवजीत भारती ने शिविर में मौजूद सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को तलब करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निपटान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए।
समाधान शिविर के साथ-साथ केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण एवं पंजीकरण शिविर का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की बारीकियां लोगों को समझाईं और पात्र नागरिकों का पंजीकरण भी किया। संवाद