अंबाला। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को अपने आवास पर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कबूतरबाजी के दो मामले गृह मंत्री के समक्ष आए, जिन पर संबंधित जिलों के एसपी को फोन कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
गृह मंत्री विज ने कहा कि कबूतरबाजी के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अब तक साढ़े पांच सौ के करीब मामलों में लिप्त आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। अब जो केस सामने आ रहे हैं उन पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, लोगों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके द्वारा भेजी गई शिकायत पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके अलावा छावनी निवासी व्यक्ति ने सेवा समिति चौक के पास हुई चोरी के मामले में कार्रवाई करने की मांग रखी, जिस पर गृह मंत्री ने कैंट थाना पुलिस को मामला दर्ज कर छानबीन करने के निर्देश दिए।
इसी तरह पानीपत निवासी व्यक्ति ने मारपीट व धमकी देने के मामले में कार्रवाई करने की मांग की। तोपखाना बाजार निवासी व्यक्ति ने घर में घुसकर मारपीट व धमकी देने, महेश नगर निवासी व्यक्ति ने मारपीट मामले में फंसाने का आरोप लगाया। प्रभु प्रेम पुरम निवासी व्यक्ति ने व्यापार में करीब 38 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत।
एसपी कुरुक्षेत्र को दिए कार्रवाई के निर्देश
गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष पिहोवा से आए व्यक्ति ने शिकायत देते हुए बताया कि उसके बेटे को पुर्तगाल भेजने के नाम पर उससे 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई, मगर अब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर गृह मंत्री ने कुरुक्षेत्र एसपी को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह करनाल से आए व्यक्ति ने बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 26 लाख रुपये की ठगी करने की शिकायत की। गृह मंत्री ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए ताकि आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।
यमुनानगर में हत्या मामले में होगी कड़ी कार्रवाई
गत दिवस हुई हत्या के मामले में यमुनानगर से आए लोगों ने गृह मंत्री से मुलाकात की। गृह मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार छावनी निवासी व्यक्ति ने गृह मंत्री को शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि उसके बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने उससे ठगी की। इस मामले में गृह मंत्री ने पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए।