अंबाला। सरकारी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को राहत मिली है। शिक्षा विभाग ने खेल अवसंरचना पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब स्कूल 20 जुलाई की मध्यरात्रि तक अपना डेटा सबमिट कर सकेंगे। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 13 जुलाई तक राज्य के करीब 88.49 फीसदी सरकारी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों ने अपनी जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर दी है। शेष स्कूलों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने के लिए विभाग ने यह अंतिम अवसर दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन स्कूलों ने पहले ही डेटा सबमिट कर दिया है, उन्हें यदि अपनी प्रविष्टियों में कोई सुधार करना है, तो वे एडिट फंक्शनलिटी का उपयोग कर सकते हैं। विभाग ने विशेष निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूल अपने अपलोड किए गए रिपोर्ट को एक बार फिर से क्रॉस-चेक करें। यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि पोर्टल पर सिविल स्ट्रक्चर के आइटम का चयन किया गया हो। यदि किसी स्कूल के रिपोर्ट में ये विकल्प दिखाई नहीं दे रहे हैं, तो उन्हें तुरंत डेटा अपडेट करना होगा और संशोधित रिपोर्ट दोबारा अपलोड करनी होगी।
-
सहायता के लिए हेल्प डेस्क उपलब्ध
पोर्टल पर डेटा अपलोड करने या तकनीकी समस्या के समाधान के लिए स्कूल इन-चार्ज कार्य दिवसों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच हेल्प डेस्क नंबर 0172-5049801 पर संपर्क कर सकते हैं। कॉल करते समय अपने स्कूल का कोड रखना होगा। निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्कूलों से समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डेटा सबमिशन सुनिश्चित करवाएं।
-
वर्जन
जिले के स्कूल मुखियाओं को जानकारी भेज दी गई है ताकि समय रहते वो स्कूलों में खेल सुविधाओं से संबंधित जानकारी शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपडेट कर सकें। समय निकलने के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी