अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक वसूली करने वाले वेंडरों पर रेल प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। रेल मदद पोर्टल पर यात्रियों द्वारा की गई शिकायतों का संज्ञान लेते हुए रेलवे ने दो वेंडरों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। विभाग की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में मनमानी करने वाले खानपान संचालकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 6/7 पर स्थित स्टॉल संख्या 68 के संचालक मेसर्स एसएस छतवाल एंड कंपनी और स्टॉल संख्या 12 के संचालक मेसर्स श्री श्याम जी फूड सर्विसेज के खिलाफ यात्रियों ने ओवरचार्जिंग की शिकायत की थी। यात्रियों का आरोप था कि वेंडर कोल्ड ड्रिंक्स और रेल नीर की बोतल के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूल रहे थे।
बॉक्स
तीन दिन में जुर्माना भरने के निर्देश
रेल प्रशासन ने प्राप्त शिकायतों की जांच करवाई। इसमें ओवरचार्जिंग का आरोप सही पाया गया। इसके बाद डीआरएम कार्यालय ने दोनों वेंडरों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना जमा करने का निर्देश दिया है। अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि इस तरह की अनियमितताएं पाई गईं, तो संबंधित वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद