अंबाला। अब बस यात्रियों के लिए गुरुग्राम जाने की राह आसान होगी। इसके लिए अंबाला डिपो ने वातानुकूलित बस सेवा शुरू की है। यह वातानुकूलित बस छावनी बस स्टैंड से सुबह साढ़े पांच बजे वाया केएमपी होते हुए गुरुग्राम पहुंच रही है।
लंबे समय से यात्रियों की इस रूट पर बस चलाने की मांग थी जोकि अब पूरी हो गई। इस बस के चलने से सबसे ज्यादा फायदा गुरुग्राम की निजी कंपनियों में काम करने वाले युवाओं को होगा। इसके साथ ही गुरुग्राम में माता के दर्शन करने वाले यात्री भी इस बस का लाभ ले सकेंगे। यह बस एक दिन में आने और जाने के दो फेरे लगा रही है।
यात्रियों को पहले गुरुग्राम जाने के लिए वाया दिल्ली या फिर अन्य रूट से होकर जाना पड़ता था। इसमें कई बार यात्री लंबा रूट होने के कारण काफी देरी से पहुंचते थे। ऐसे में अब यात्रियों के लिए यह वातानुकूलित बस काफी उपयोगी सिद्ध होगी। इसके संचालन से रोडवेज के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। अंबाला और आसपास के कई लोग गुरुग्राम की निजी कंपनियों में काम करते हैं। इसमें कई लोग रोजाना आवागमन करते हैंं तो कुछ सप्ताह में आते-जाते हैं।
इन रूट से होकर जाएगी बस
रोडवेज के अधिकारियों ने वातानुकूलित बस में गुरुग्राम का किराया 424 रुपये तय किया है। यह वातानुकूलित बस छावनी से कुरुक्षेत्र के शाहाबाद, नीलोखेड़ी, तरावड़ी, करनाल, मधुबन, पानीपत, समालखा, गनौर, मुरथल होते हुए गुरुग्राम पहुंचेगी। इसके बाद यह बस दिन में सवा 12 बजे गुरुग्राम से अंबाला के लिए संचालन कर रही है।
वर्जन
अंबाला छावनी बस अड्डे से गुरुग्राम के लिए रोजाना सुबह साढे़ पांच वातानुकूलित बस का संचालन शुरू किया है। इसके बाद यह बस गुरुग्राम से दिन में सवा 12 बजे अंबाला के लिए वापसी कर रही है।
अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक, अंबाला डिपो।