अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के पास दो कारों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों कार सवार एक व्यक्ति और युवक घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कैंट की ओर से आ रही ऑल्टो के सामने कुत्ता आ जाने के कारण वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई।
वह उछलकर दूसरी तरफ यानी साहा की तरफ जा रही इंडिका से टकरा गई। हादसे में दोनों कारें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। उधर, इंडिका सवार गांव बोह निवासी सुरेंद्र सिंह घायल हो गया, जोकि अपने रिश्तेदार की शादी में रंग महल जा रहा था। जबकि दूसरी तरफ से कार में सवार गांव कोड़वा निवासी सरबजीत चोटिल हो गया। इंडिका कार सवार के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
गालीगलौज और हाथापाई के आरोप
इंडिका वाले पक्ष के हंगामे के बाद अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने इलाका पुलिस को मौके पर बुलाकर मामला शांत कराया। शिकायत भी दी। इसमें डॉक्टर ने इंडिका सवार पक्ष की तरफ से कुछ युवकों पर अभद्र व्यवहार और हाथापाई के भी आरोप लगाए हैं। डॉक्टर का आरोप था कि उपचार के दौरान युवक जबरन माइनर ओटी में फोटो खींच रहे थे, जहां बैन है। मना करने पर चौकी मुलाजिम और उससे भी हाथापाई और गालीगलौज की।
डॉक्टर की तरफ से शिकायत मिली है। उस मामले में दूसरे पक्ष को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नरेश, चौकी इंचार्ज रेजिमेंट बाजार।