- 13 सितंबर से यूपी, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के रेल यात्रियों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। उत्तर रेलवे ने त्योहारी सीजन और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दो प्रमुख गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने का फैसला लिया है। रेलवे ने जम्मूतवी-काठगोदाम गरीब रथ और काठगोदाम-कानपुर गरीब रथ में स्थायी रूप से 2-2 एसी इकॉनमी कोच जोड़ने की घोषणा की है। इस फैसले से दोनों मार्गों के रेल यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी।
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, ट्रेनों की संरचना में स्थायी संशोधन किया जा रहा है। पुरानी संरचना के तहत ट्रेनों में 1 जेनरेटर कार, 11 थर्ड एसी इकॉनमी कोच, 1 जेनरेटर कार यानी 13 एलएचबी कोच थे। लेकिन संशोधन के तहत 1 जेनरेटर कार, 13 थर्ड एसी इकॉनमी कोच, 1 जेनरेटर कार यानी 15 एलएचबी कोच हो जाएंगे।
लागू होगी नई व्यवस्था
रेलवे अधिकारियों ने दोनों ट्रेनों की विभिन्न दिशाओं से चलने की प्रभावी तिथियां तय कर दी हैं। ट्रेन नंबर 12208/12207 जम्मू तवी-काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ में अतिरिक्त कोच की सुविधा जम्मू तवी से 13 सितंबर से और काठगोदाम से 15 सितंबर से लागू होगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 12210/12209 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम गरीब रथ में काठगोदाम से 14 सितंबर और कानपुर सेंट्रल से 15 सितंबर से लागू होगी। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इस फैसले से ट्रेन के प्रत्येक फेरे में अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की ओर यात्रा करने वाले दैनिक और त्योहारी यात्रियों के लिए यह निर्णय काफी मददगार साबित होगा।