संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पावर और ट्रैफिक ब्लॉक के कारण उत्तर रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। 9 सितंबर से 16 अक्तूबर के बीच चंडीगढ़ होकर गुजरने वाली और यहां से चलने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में फेरबदल किया गया है। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार 12 ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी जबकि कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त या वहीं से रवाना किया जाएगा।
चंडीगढ़ स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और असुविधा को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने 10 सितंबर से 15 अक्तूबर तक साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इसमें अमृतसर-देहरादून, हावड़ा/टाटानगर-जम्मू तवी और आगरा कैंट-होशियारपुर जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
-
पूरी तरह रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें (9 सितंबर से 16 अक्तूबर)
ट्रेन नंबर 14331/14332 दिल्ली जंक्शन-कालका-दिल्ली जंक्शन, 14541/14542 चंडीगढ़-अमृतसर-चंडीगढ़, 14629/14630 चंडीगढ़-फिरोजपुर कैंट-चंडीगढ़, 54531/54532 अंबाला कैंट-कालका-अंबाला कैंट, 74991/74992 अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक-अंबाला कैंट, 74645/74646 जालंधर सिटी-अंबाला कैंट-जालंधर सिटी एक्सप्रेस अंबाला तक ही चलेंगी।
बीच रास्ते रद्द/संचालित
ट्रेन नंबर 12983/12984 अजमेर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 11 सितंबर से 14 अक्तूबर तक चंडीगढ़ की बजाय अंबाला कैंट तक ही चलेगी और वहीं से वापस अजमेर के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 15063/15064 रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 14 सितंबर से 12 अक्तूबर के दौरान अंबाला कैंट तक ही सीमित रहेगी। जबकि ट्रेन नंबर 20989/20990 उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 23 सितंबर से 15 अक्तूबर के बीच अंबाला कैंट से ही संचालित होगी और इसके प्लेटफॉर्म में भी बदलाव किया गया है।
-
मार्ग में बदलाव
ट्रेन नंबर 14615/14616 लालकुआं-अमृतसर-लालकुआं 3 और 10 अक्तूबर को अंबाला कैंट-सरहिंद-सानेहवाल होकर चलेगी। इस दौरान यह ट्रेन चंडीगढ़, मोहाली और न्यू मोरिंडा स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। उत्तर रेलवे प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कार्य के चलते 10 सितंबर से 15 अक्तूबर के दौरान तीन अलग-अलग चरणों (10-21 सितंबर, 22 सितंबर-3 अक्तूबर और 4-15 अक्टूबर) में कुल 76 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले एनटीईएस एप या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी ट्रेन की स्थिति जांच लें।