अंबाला। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने फुटबाल चौक छावनी से जिला पुलिस द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को रवाना किया। वे स्वयं हाथ में तिरंगा थामकर यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत सम्मान पूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश आज तिरंगे से देशभक्ति के प्रेम में सराबोर हो रहा है। पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा उनके साथ मौजूद रहे।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। हर तरफ वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयकारे गूंज रहे हैं। इसी कड़ी में जिला पुलिस द्वारा एसपी जश्नदीप रंधावा की अध्यक्षता में जिले की पूरे पुलिस बल ने तिरंगा यात्रा निकाली।
यह तिंरगा यात्रा फुटबाल चौक से शुरू होकर विजय रत्न चौक, सदर बाजार, टांगा स्टैंड, निकलसन रोड, शुकला चौक, क्रॉस रोड, आलू गोदाम रोड व अन्य मुख्य बाजारों से होते हुए सुभाष पार्क के पास जाकर संपन्न हुई। इस मौके पर एसडीएम डॉ. बलप्रीत सिंह, एएसपी पूजा डाबला, डीएसपी जोगिंद्र शर्मा, डीएसपी राम कुमार, डीएसपी अर्शदीप सिंह, एसएचओ छावनी नरेश शर्मा व पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।