अंबाला सिटी। जमीन के विवाद को लेकर गृह क्लेश के चलते बलदेव नगर की रहने वाली 30 वर्षीय महिला रीना ने रविवार को तड़के नशीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि उसे समय रहते शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया।
जानकारी देते हुए रीना ने बताया कि उसके दोनों जेठ व उनकी पत्नियां अक्सर घर को बेचने को लेकर उसके व पति के साथ मारपीट करते हैं। जिसकी शिकायत उसने बलदेव नगर चौकी में दी थी। क्योंकि उसका एक जेठ मुलाजिम है इसीलिए इलाका पुलिस उनकी हिमायत करते हुए उल्टा उसे ही ऐसे प्रताड़ित करती है। भाइयों की मारपीट से परेशान होकर पति चार दिन से लापता है। महिला की सास ने बताया कि सुबह पांच बजे पोता अंशू रोते हुए नीचे आया और सारी बात बताई ऊपर जाकर देखा तो बहू रीना जमीन पर पड़ी थी और उल्टियां कर रही थी। पड़ोसियों की सहायता से बहू को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया अब वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पारिवारिक झगड़ा है, दोनों पक्षों की शिकायत मिलने पर कार्रवाई के लिए आगे की तफ्तीश जारी है। जो भी जांच में सामने आएगा उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- रोहताश, चौकी प्रभारी बलदेव नगर।