अंबाला। पंजाब और हरियाणा पुलिस ने मोहड़ा के निकट बनाए गए अवैध गोदाम से शराब के बड़े जखीरे का खुलासा किया है। शुक्रवार की देर रात पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो ट्रकों में छुपाई गई हजारों पेटियां शराब बरामद की। इसकी पुष्टि पुलिस ने भी की है।
पता चला है कि मोहाली पंजाब पुलिस ने पिछले दिनों शराब तस्करी के मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात हरियाणा पुलिस के साथ मौके पर छापेमारी की गई। एक चहारदीवारी में रखी गई शराब की इतनी बड़ी खेप देख पुलिस भी सकते में आ गई। इस गोदाम के बारे में संबंधित क्षेत्र की पुलिस को भी अब तक भनक नहीं थी। पंजाब पुलिस कार्रवाई देख हरियाणा पुलिस सकते में आ गई। समाचार लिखे जाने तक शराब की बोतलों की गिनती जारी थी। इसी के साथ पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब के इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एक चहारदीवारी पर लगे लोहे के गेट पर ताला था। पुलिस पहुंची तो ताला तोड़ा गया और तलाशी में भीतर दो ट्रक खड़े मिले। इनमें बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां रखी थीं। यह शराब चंडीगढ़ प्लांट के मार्का बताई गई है। छापेमारी के दौरान टीम में अंबाला के डीएसपी राम कुमार, पड़ाव एसएचओ देवेंद्र सिंह, मोहड़ा पुलिस चौकी प्रभारी कृष्णलाल और मोहाली के डीएसपी गुरसेवक सिंह, एसएचओ सुखदीप बराड़, जांच अधिकारी कुलवंत सिंह पुलिस की टीम मौजूद रही।
गौरतलब है कि पिछले दिनों मोहाली पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, उन्होंने पंजाब पुलिस को बताया था कि जो शराब उनके कब्जे से बरामद हुई है, उसका दूसरा बड़ा हिस्सा हरियाणा के अंबाला जिला स्थित गांव मोहड़ा में बनाए गए गोदाम में छुपा है। इसके बाद पंजाब पुलिस ने मोहड़ा स्थित इस शराब के गोदाम में छापा मारा। यहां से बरामद शराब पंजाब पुलिस को सौंप दी गई है। बता दें कि इससे पहले अंबाला जिला के साहा क्षेत्र में भी दो कोठियों में अवैध रूप से चल रहे शराब कारोबार का खुलासा मार्च 2021 में हुआ था। तब छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में अवैध शराब, खाली बोतलें, होलोग्राम, खाली ड्रम इत्यादि बरामद हुए थे।