अंबाला। छावनी के गांव घसीटपुर स्थित राजकीय मिडिल और प्राइमरी स्कूल से पानी की निकासी नहीं हुई। इसके कारण तीसरे दिन भी स्कूल बंद रहा। वीरवार को शिक्षकों ने गांव की धर्मशाला में क्लास लगाई। इस दौरान धर्मशाला में मात्र 25 बच्चे ही पढा़ई करने पहुंचे जबकि राजकीय और मिडिल स्कूल में 292 के करीब विद्यार्थी हैं। तीन दिन बीत चुके हैं लेकिन पानी की निकासी अभी तक नहीं हुई। वहीं, पानी निकासी को लेकर सेक्टर 34 में एक पंप लगाया हुआ है लेकिन जलभराव ज्यादा होने के कारण पानी अभी तक नहीं निकला।
पहाड़ाें में हुई बरसात के कारण दो सितंबर को टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ गया। इस कारण टांगरी नदी के साथ लगती कालोनियों में पानी भर गया। इसके बाद टांगरी नदी का पानी ओवर फ्लो होते हुए रेलवे अंडर ब्रिज से गांव घसीटपुर में सड़कों और सरकारी स्कूल तथा लोगों के घरों में जमा हो गया था।
इसके साथ ही पानी सेक्टर 34 के लिंक रोड, हुड्डा कालोनी की सड़कों पर भी भर गया था। एक दिन बाद ही गांव घसीटपुर, हुड्डा कालोनी और लिंक रोड से उतर गया । लेकिन राजकीय मिडिल स्कूल में तीन दिन बाद भी हालात वैसे ही बने हुए हैं।
अभी तक पानी निकासी नहीं हुई है। स्कूल परिसर में पानी निकासी नहीं होने से छात्रों की पढाई नहीं हो रही है। गांव घसीटपुर में प्राथमिक पाठशाला में 183 विद्यार्थी है जबकि मिडिल स्कूल में 185 विद्यार्थी है। कुल 292 विद्यार्थी हैं।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला और माध्यमिक विद्यालय में तीन दिन से पानी खड़ा है। वीरवार को गांव की धर्मशाला में प्राथमिक और माध्यमिक के छात्रों के लिए क्लास लगाई थी। इस दौरान 25 बच्चे पढ़ाई करने पहुंचे।
पूनम गुप्ता, इंचार्ज राजकीय प्राइमरी स्कूल, घसीटपुर, अंबाला छावनी।