संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कॉलेजों में सोमवार को खाली सीट पर दाखिले के लिए पोर्टल खुला रहा। कॉलेजों में दाखिले के लिए अभ्यर्थी कम ही पहुंचे। इससे कॉलेजों में सीट खाली ही रही। विभाग की ओर से दाखिले के लिए दोबारा पोर्टल खोला गया था, लेकिन अब अभ्यर्थी दाखिले में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में कॉलेजों में अलग-अलग कोर्स में खाली पड़ी सीट अभी नहीं भरी जाएंगी। इस बार कॉलेजों में ज्यादा सीट खाली पड़ी हैं। बीए और बीकॉम में तो सीट काफी खाली रह गई हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय से दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. निशा ने बताया कि विभाग की ओर से दाखिले के लिए पोर्टल खोला गया था ताकि वंचित अभ्यर्थी दाखिला ले सकें। कॉलेज में बीए और बीकॉम में सीट खाली हैं।
विभाग ने 27 अक्तूबर तक बढ़ाई थी दाखिला तारीख
निदेशालय की ओर से दाखिले को लेकर कई बार तारीख बढ़ाई गई और कई राउंड में काउंसलिंग भी चली, लेकिन इसके बाद भी सीट खाली रह गई हैं। जिले की बात करें तो 14 से ज्यादा राजकीय, एडिड व सेल्फ फाइनांस कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में सीट खाली पड़ी हैं। सबसे ज्यादा उन कॉलेजों में सीट खाली पड़ी हैं, जिन काॅलेजों में कम कोर्स चल रहे हैं। वहीं, परंपरागत कोर्स में सीट ज्यादा खाली पड़ी हैं। कॉलेजों में बीसीए, बीबीए जैसे कोर्स में तो सीट भर गई थी, मगर बीए और बीकॉम जैसे कोर्स में अभी भी सीटों के मुकाबले कम ही दाखिले हुए हैं।