अंबाला सिटी। सिटी सेक्टर सात के स्थानीय लोग निगम व हुडा प्रशासन की ओर से मिलने वाली सुख सुविधाओं से वंचित चल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसाती सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन प्रशासन ने पानी की निकासी व सीवरेज आदि की सफाई व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं बनाई गई तो सेक्टर की सड़कें व गलियां जलमग्न हो जाएंगी। इसी प्रकार, सेक्टर के कुछ एरिया की लाइटें खराब पड़ी हैं।
क्षेत्र में मात्र एक कम्युनिटी सेंटर बनाया गया था जोकि जर्जर हालत में पहुंच चुका है। आज स्थानीय लोग अपने निजी कार्यक्रमों के लिए बाहरी क्षेत्र में जा रहे हैं। जहां समय व पैसा बर्बाद हो रहा है। वहीं सेक्टर सात की मेन मार्केट स्थित सुंदर पार्क बदहाल हो चुका है। स्थानीय दुकानदार उसमें गंदगी डाले रहे हैं। पार्क में लगाए गए झूले व बेंच टूटे पड़े हैं।
सफाई व्यवस्था चरमराई
सेक्टर सात के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है, क्योंकि सफाई कर्मचारी नाममात्र ही दिखाई देते हैं। क्षेत्र की ज्यादातर गलियों में कूड़ा इधर उधर बिखरा रहता है।
अतुल बंसल, स्थानीय निवासी
शिकायत पर समाधान नहीं
सेक्टर की गलियों में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें ज्यादातर खराब चल रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी लाइट ठीक नहीं हो रही हैं।
अमन बंसल, स्थानीय निवासी
नालों की नहीं हुई सफाई
मुख्य नालों की साफ सफाई नहीं की गई। इस कारण बरसाती सीजन में गलियों में ही बरसाती पानी जमा रहेगा। प्रशासन इस समस्या पर समय रहते ही संज्ञान ले तो ठीक रहेगा।
मोहित आहलुवालिया, स्थानीय निवासी
कम्युनिटी सेंटर हुआ जर्जर
एकमात्र कम्युनिटी सेंटर जर्जर हालत में पहुंच चुका है। हुडा प्रशासन को चाहिए कि सेंटर के हालातों को देखते हुए इसका पुनर्निर्माण करवाए, ताकि स्थानीय लोग लाभ ले सकें।
प्रेमचंद, स्थानीय निवासी
पार्क में गंदगी का माहौल
मार्केट के बीच में एक भव्य सुंदर पार्क का निर्माण किया गया था। दुकानदार आए दिन उसमें गंदगी डाल रहे हैं। पार्क में गंदगी का माहौल बना दिया है। पार्क में लगे झूले व बेंच टूटे पड़े हैं।
हिमांशु, स्थानीय निवासी
मुख्य नाला गंदगी से अटा
सेक्टर सात के बिल्कुल साथ शहर का मुख्य नाला गुजर रहा है। इस नाले की लंबे समय से सफाई नहीं हो पाई। बरसाती सीजन में मुख्य नाले के कारण परेशानी देखने में आ सकती है।
रोहित अग्रवाल, स्थानीय निवासी
कुत्ते कर रहे हमला
सेक्टर सात के क्षेत्र में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं। देर रात के समय यदि कोई दोपहिया वाहन चालक आ जाए तो कुत्ते अचानक से हमला बोल देते हैं। वाहन चालक इनका शिकार बन चुके हैं।
सुरेन्द्र पाल कुमार, स्थानीय निवासी
विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को बताया जा चुका है। सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है। बहरहाल, बरसाती पानी की निकासी के लिए सफाई कर्मचारी निगम की ओर से लगाए गए हैं। इन समस्याओं के बारे में अधिकारियों से बातचीत कर समाधान करवाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
संदीप सचदेवा, प्रधान वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर सात, अंबाला सिटी।
सेक्टर सात में बरसाती नालों की सफाई करने के लिए टेंडर किया जा चुका है। सफाई करने का कार्य सेक्टर में चल रहा है। सफाई व्यवस्था को लेकर यदि अन्य कोई शिकायत मिलती है तो उस पर तुरंत प्रभाव से संज्ञान लिया जाएगा। बरसाती सीजन से पहले सफाई व्यवस्था का पूरा काम निपटा दिया जाएगा।
-सुनील दत्त, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर नगर निगम अंबाला।