अंबाला। राम नगर स्थित मकान में 28 मई को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंबाला कैंट की डेहा कॉलोनी निवासी अंकुश उर्फ धर्मी को प्रोडक्शन वारंट पर काबू किया। शनिवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने अवतार सिंह की तहरीर पर अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आरोप लगाया था कि आरोपी घर के ताले तोड़कर रसोई का सामान व नकदी चुरा ले गया था।
नकदी और दो मोबाइल चोरी करने के आरोप में जेल भेजा
अंबाला। बरनाला की राज विहार कॉलोनी स्थित मकान से नकदी व दो मोबाइल चुराने वाले युवक को सीआईए-2 की टीम ने काबू कर लिया। आरोपी की पहचान बिहटा गांव निवासी रोहित कुमार उर्फ लाला के रूप में हुई। मोबाइल बरामद करने के बाद शनिवार कोर्ट में पेश कर युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सीआईए-2 केे निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में राज विहार कॉलोनी निवासी जसप्रीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि उसके घर से नकद राशि व दो मोबाइल फोन चोरी हो गए थे।
नशे के कैप्सूल मिलने के मामले में दूसरा आरोपी काबू
अंबाला सिटी। राधा स्वामी सत्संग भवन सौंडा के पास से 5 सितंबर को 552 नशीले कैप्सूल मिलने के मामले में एएनसी की टीम ने दूसरे आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सिटी के सिंघावाला रोड निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपी से मुख्य नशा तस्कर का पता लगाया जाएगा। एएनसी के निरीक्षक ऋषि पाल ने बताया कि 3 सितंबर को पुलिस दल को सूचना मिली थी कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी का कार्य करता है। उस समय जोगिंद्र कुमार उर्फ मास्टर को काबू किया था।