फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षा मंत्री के सामने छलका दर्द, बिना रुपये दिए नहीं होते काम

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला सिटी। लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई, जो हंगामेदार रही। बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री कंवरपाल के सामने अपना दुखड़ा रोया। उन्होंने निगम में एनडीसी न मिलने के मुद्दे को उठाया। उनका कहना है कि जब तक नगर निगम, परिषद और पालिका में रुपये न दो, तब तक कोई भी काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि रुपये देकर या किसी रसूखदार का चेहरा देखकर अधिकारी तुरंत काम कर देते हैं।
विज्ञापन

वहीं जमीन की खरीद को लेकर रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के मामले में जांच एडीसी को सौंपी गई। इसके अलावा राजकीय आईटीआई महिला के प्राध्यापकों ने प्राचार्य के खिलाफ की गई शिकायत पर सही तरीके से कार्रवाई न होने की बात शिक्षा मंत्री चौधरी कंवरपाल के समक्ष रखी। इस पर मंत्री ने एसपी को मामले में सही तरीके से जांच करने के निर्देश दिए।
कष्ट निवारण की बैठक पंचायत भवन में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने लोगों की विभिन्न शिकायतें सुनी और अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 25 पंजीकृत समस्याओं समेत अन्य शिकायतें सुनी गई। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं दो शिकायतों के निपटान के लिए एडीसी व एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए गए। एनडीसी जारी करने से संबंधित लोगों को आ रही समस्याओं के निपटान के लिए शिक्षा मंत्री ने नगर निगम कमिश्नर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को आ रही इस समस्या से निजात मिल सके।
विज्ञापन

ये आई मुख्य शिकायतें
बैठक में गांव बेगो माजरा निवासी लखबीर सिंह ने झगड़े से संबंधित मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने की शिकायत रखी। मंत्री ने जांच के आदेश दिए।
शहर के प्रीत नगर निवासी हिमांशु गुप्ता ने मकान नंबर 64 से 69 तक बने नाले के अंदर पाइपलाइन होने के कारण सफाई न होने की शिकायत रखी। शिक्षा मंत्री ने नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समन्वय के साथ सफाई करवाने के निर्देश दिए।
विवेक विहार निवासी मनीष कुमार ने पानी की सप्लाई घर तक सही से न पहुंचने की शिकायत रखी। शिकायत पर संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया।
पंजौला निवासी राजविंद्र कौर ने गांव में पीडब्ल्यूडी विभाग से संबंधित सड़क निर्माण संबंधी शिकायत रखी। जिस पर विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया।
जफरपुर निवासी हरपाल सिंह ने गांव स्थित श्मशान घाट के रास्ते व गंदे पानी की निकासी से संबंधित समस्या रखी। इस पर कार्रवाई कर रहे बीडीपीओ डॉ. दलजीत सिंह ने बताया कि श्मशान घाट से संबंधित रास्ते का टेंडर हो चुका है व गंदे पानी की निकासी का समाधान भी कर दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारी को एक माह में दोनों शिकायतों का निपटान करने के निर्देश दिए।
गांव धुराला निवासी भूपेंद्र सिंह व हरनेक सिंह ने ओलावृष्टि के कारण उनकी फसलों के खराब होने से संबंधित मुआवजा राशि न मिलने के बारे में शिकायत रखी। इस पर संबंधित विभाग व बैंक द्वारा शिकायतकर्ता को मुआवजा राशि उपलब्ध करवाते हुए समस्या का निदान कर दिया गया।
नारायणगढ़ स्थित सरगोधा कॉलोनी निवासी चंद्रमोहिनी ने उसके घर के आगे बिजली से संबंधित खंभा होने और बिजली के तार गुजरने से संबंधित शिकायत रखी। शिकायत पर बिजली निगम द्वारा कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया।
मौजगढ़ निवासी रामेश्वर ने गांव में जोहड़ के नजदीक नाजायज कब्जे से संबंधित शिकायत रखी। इस पर तहसीलदार बराड़ा व नगरपालिका सचिव द्वारा निशानदेही संबंधी कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया।
गांव नग्गल घडौली निवासी लखविंद्र सिंह ने कुछ लोगों द्वारा पंचायती जमीन पर कब्जा करने की शिकायत रखी। इस पर संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया। शिक्षा मंत्री ने बीडीपीओ को निर्देश दिए कि यदि पंचायती जमीन पर और कोई कब्जा है तो उसे भी नियमानुसार छुड़वाएं।
नारायणगढ़ उपमंडल के गांव उज्जल माजरी निवासी रमेश चंद ने सरपंच लखविंद्र सिंह व ग्राम सचिव द्वारा पंचायत राशि का गबन करने की शिकायत रखी। शिकायतकर्ता ने यह भी बात रखी कि सरपंच को निष्कासित करने के बावजूद भी पंचायत राशि का गबन हुआ है। इसके बारे में बीडीपीओ ने बताया कि सरपंच के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने और ग्राम सचिव को नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की गई है। शिक्षा मंत्री ने संबंधित बीडीपीओ को निर्देश दिए कि सरपंच के निष्कासित किए जाने के बावजूद पंचायत राशि का दुरुपयोग किया जाना गलत है। इस संबंध में जांच करें और जो भी दोषी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शहर के सेक्टर-1 निवासी नीरज शर्मा ने जमीन से संबंधी एक मामले में मंजूरशुदा इंतकाल होने के बावजूद जमाबंदी में उसका नाम अंकित न होने की शिकायत रखी। शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त को जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी हो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें।
माजरा निवासी रणजीत सिंह ने गांव के पूर्व सरपंच सतीश कुमार के खिलाफ पंचायत की राशि गबन की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि सरपंच के खिलाफ गबन होना पाया गया था। इस संबंध में बीडीपीओ ने बताया कि संबंधित के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। शिक्षा मंत्री ने नारायणगढ़ एसडीएम को जांच करने के निर्देश देते हुए तीव्रता से मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गांव कड़ासन निवासी संत राम ने उसकी वृद्धावस्था सम्मान भत्ता (पेंशन) काटे जाने संबंधी शिकायत रखी। मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि संबंधित बुजुर्ग की परिवार पहचान पत्र में ज्यादा आय दर्शाए जाने के कारण यह पेंशन कट गई थी। मुख्यालय को इस बारे में अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही बुजुर्ग की पेंशन लग जाएगी। शिक्षा मंत्री ने बुजुर्ग की पेंशन जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।
शहर के नया बांस निवासी उषा रानी ने अपने पड़ोसी के खिलाफ शिकायत दी कि उसके घर के साथ लगती दीवार पर कोई ऐसी मशीन लगाई हुई है जिससे उसके घर में शोर रहता है और उसे काफी परेशानी रहती है। शिक्षा मंत्री ने कमेटी के एक सदस्य व पुलिस को उक्त स्थान का निरीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान करने के बारे में कहा।
रेलवे रोड शहर निवासी राकेश सचदेवा ने कृषि भूमि से संबंधित एनडीसी जारी किए जाने के बारे में शिकायत रखी। इस पर नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि संबंधित को ऑनलाइन पोर्टल पर एनडीसी के लिए आवेदन करना होगा। इसके बाद उन्हें एनडीसी जारी कर दी जाएगी।
गांव खुड्डा कलां निवासी सुभाष चंद ने राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के चलते खुड्डाकलां के नजदीक हरिजन बस्ती में पानी की निकासी व पोल संबंधी समस्या रखी। इस पर एनएचएआई के अधिकारी ने शिक्षा मंत्री को अवगत करवाते हुए बताया कि 41 लाख रुपये की लागत से यहां पक्का नाला बनाने का काम किया जा रहा है। इसके बाद पानी निकासी की जो समस्या आ रही है वह हल हो जाएगी। शिक्षा मंत्री ने समस्या का निपटान करने के निर्देश दिए।
गांव सैनी माजरा निवासी जोगिंद्र सिंह ने शिकायत रखी कि टोल प्लाजा के पास उसकी 16 मरले जमीन है, जिस पर राजस्व विभाग द्वारा एक कनाल 3 मरले पर थ्रीडी लगाई गई थी। जिसमें से 13 मरले जमीन का ही उसे मुआवजा प्राप्त हुआ है। बाकी जमीन का उसे मुआवजा अभी तक नहीं मिल सका है। शिकायत पर शिक्षामंत्री ने एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ-साथ जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में आए अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी शिकायतें रखी। शिक्षा मंत्री ने सभी शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पहुंची महिला आईटीआई की प्राध्यापकों ने प्राचार्य के खिलाफ सही तरीके से कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वह इस बारे में पुलिस अधिकारियों से मिले तो उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई जिससे वह बहुत आहत हुई हैं। उन्होंने इस शिकायत को महिला थाना एसएचओ को सौंपने की मांग की और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें