अंबाला। पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम से भी अधिक क्षमता का ऑडिटोरियम गृहमंत्री अनिल विज अंबालावासियों को देने जा रहे हैं। इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। पंचकूला का इंद्रधनुष ऑडिटोरियम 1500 सिटिंग की क्षमता का है, मगर अंबाला छावनी क्षेत्र का प्रस्तावित ऑडिटोरियम 2000 लाेगों के बैठने की क्षमता से लैस होगा।
इसके लिए अंबाला छावनी में भी खाली जगह पर भी देख ली गई है। जल्द ही इस योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। यह ऑडिटोरियम अत्याधुनिक लाइटिंग और वातानुकूलित सुविधाओं से लैस होगा। इसी के लिए शनिवार को सुभाष पार्क में बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने की तो साथ में डीसी डॉ. शालीन, एसडीएम छावनी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह गृहमंत्री का ही विजन है कि अंबाला के लोगों को इस स्तर का एक ऑडीटोरियम भी मिले। इस दौरान मौके पर मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, संजीव वालिया, कपिल विज, विपिन खन्ना, गोपी सहगल, सुरेन्द्र तिवारी, शैली खन्ना, अजय बवेजा, बीएस बिन्द्रा, श्याम अरोड़ा और दीपक भसीन मौजूद रहे।
यहां बनेगा छावनी का नया ऑडिटोरियम
यह ऑडिटोरियम गोबिंदनगर चौक के पास आर्मी की खाली जमीन पर बनाया जा सकता है। इस बैठक में पहले सीओ कैंटोनमेंट से लैंड ट्रांसफर करने की बात की गई। मगर उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधाओं के लिए बोर्ड खुद ऑडिटोरियम बनाकर दे सकता है, जिससे जमीन ट्रांसफर करने का चक्कर ही नहीं होगा। इस पर उपायुक्त ने भी सहमति जताई। इसके बाद अधिकारियों ने बताया कि इस जमीन पर भूतल में पार्किंग के लिए भी अच्छी जगह मिल जाएगी। ऐसे में अब ऑडिटोरियम को लेकर रास्ता साफ हो गई है। गृहमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द ही इस मामले में तेजी के कार्यवाही अमल में लाई जाए ताकि कार्य शुरू कराया जा सके।
अंबाला कैंट के विकास की बन रहीं योजनाएं
अंबाला कैंट में विकास कार्याें को लेकर गृहमंत्री अनिल विज के नेतृत्व में लगातार योजनाएं बनाई जा रही हैं ताकि यहां के लोगों को भी मैट्रो सिटी की तर्ज पर समुचित सुविधाएं मिल सकें। जहां पहले कैंट में करोड़ों रुपये की लागत से सिविल अस्पताल, सुभाष पार्क, बैडमिंटन हाल, स्वीमिंग पूल, स्वागत द्वार, अंबाला-साहा नेशनल हाइवे का निर्माण किया गया है। अब इसी तर्ज पर कैंट वासियों को नए ऑडिटोरियम की सौगात भी जल्द मिल सकती है।