संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कलेक्शन एजेंट को डंडों से पीटकर बाइक पर सवार तीन बदमाश उसका बैग छीनकर भाग गए। मंगलवार दोपहर नूरपुर के पास हुई घटना के समय बैग में करीब 80 हजार रुपये थे। बदमाशों ने बाइक पर आ रहे कलेक्शन कर्मी के हेलमेट पर थप्पड़ मारकर उसे नीचे गिराया। वारदात के बाद जनसुई हेड की तरफ निकल गए। सूचना मिलने के बाद सदर, सीआईए, साइबर टीमें मौके पर पहुंची। इलाके की नाकाबंदी कराने के बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। शाहाबाद वासी नरेश के साथ हुई घटना बारे सदर थाने में लूट का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई।
नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मैं कैंट के गीता गोपाल चौक के पास जेना स्माल फाइनेंस कंपनी में काम करता हूं। कंपनी लोगों को काम के लिए 50 से 60 हजार तक का लोन देती है। मैं इनकी किश्तें एकत्रित करके लाता हूं। मंगलवार भी मैं कलेक्शन के लिए गया था। करीब अस्सी हजार की कलेक्शन करने के बाद मैं रोशनपुरा की तरफ से बाइक पर वापस आ रहा था। नूरपुर के पास पहुंचा तो पीछे से एक बाइक आती दिखी, जिसपर तीन युवक सवार थे। उनकी उम्र करीब 25 से 30 के मध्य थे।
बाइक मेरे साथ-साथ चलने लगी। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता, उनमें से एक लड़के ने मेरे हेलमेट पर जोरदार थप्पड़ मारा। अचानक हुई इस घटना के बाद मेरी बाइक संतुलन खोकर गिर गई। नीचे गिरने से मुझे चोटें लगी। उसकी दौरान बाइक से नीचे उतरे उन युवकों ने मुझे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जब मेरा बैग छीनना चाहा तो मैंने विरोध किया तो अन्य ने मेरे हाथों व बाजुओं पर चोट मारी। बैग छीनने के बाद वे वापस जनसुई हेड की तरफ चले गए। मैं बाइक का नंबर नोट नहीं कर पाया। आरोपियों के सामने आने पर पहचान सकता हूं।
फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट नरेश से मारपीट के बाद करीब 80 हजार की नकदी से भरा बैग छीना गया है। नूरपुर के पास हुई घटना में बताए गए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं। केस दर्ज कर लिया गया है। केस सुलझाने के लिए सीआईए व साइबर टीमों की भी मदद ली जा रही है। बदमाश जल्द पकड़े जाएंगे। - सुरेश सैनी, सदर थाना प्रभारी।