डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार को भी जिले में 6 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। नए मरीज मिलने के बाद डेंगू से संक्रमित होने वाले मरीजों का आंकड़ा 668 पहुंच गया है। वहीं वीरवार को छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल डेंगू और संदिग्ध बुखार के करीब 20 मरीजों को छुट्टी दी गई है। जबकि शहर के डेंगू वार्ड में अधिकतर बेड भरे हुए हैं। इमसें भी अधिकतर मरीज नारायणगढ़ व शहजादपुर क्षेत्र के हैं, जिन्हें उपचार दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि तापमान गिरने के साथ डेंगू के मरीजों में कमी आनी चाहिए, मगर अभी वह स्थिति दिखाई नहीं दे रही है। ठंड बढ़ने के बाद भी फिलहाल संदिग्ध बुखार के मरीजों में कमी नहीं आ रही है। माना जा रहा है कि करीब एक सप्ताह तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इसमें सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
---------------------
यह बोले अस्पताल में आए मरीज
-मुलाना से आए अंकित ने बताया कि उसकी पिछले 6 दिन से तबीयत खराब है और पांच दिन पहले अस्पताल में दाखिल हुआ था। फिलहाल उपचार चल रहा है, लेकिन अभी सुधार नहीं है।
--------------------
जंडली से आए जगदेव ने बताया कि वह दो दिन पहले अस्पताल में दाखिल हुआ था। पिछले चार दिन से उनकी तबीयत खराब है। जब जांच करवाई तो प्लेटलेट्स कम आए थे। अब थोड़ा आराम महसूस कर रहे हैं।
---------------------
- शहजादपुर से आए आदित्य ने बताया कि उनको 22 को बुखार हुआ था और 23 को अस्पताल में आकर दाखिल हो गए थे। तभी से ही अस्पताल में उपचार करवा रहे है। मगर अभी तक स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं दिख रहा है।
---------------
- रंगिया मंडी से आई सोनाक्षी ने बताया कि उसकी पिछले एक सप्ताह से तबीयत खराब है और रविवार को अस्पताल में आई थी। तभी से ही उपचार चल रहा है।
-------------------
- यमुनानगर से आई सुनीता ने बताया कि उनकी पिछले पांच दिन से तबीयत खराब है। पहले प्राइवेट अस्पताल से दवाई ली। मगर, जब असर नहीं दिखा तो छावनी के नागरिक अस्पताल में आकर दाखिल हो गई।
------------------
हमारी ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है जल्द ही डेंगू पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा।
- कुलदीप सिंह, सीएमओ, अंबाला।
-----------------------