अंबाला। छावनी के गांधी मैदान में आयोजित 16वें चार दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव के दूसरे दिन गायक चित्र-विचित्र ने ने भजनों से श्याम बाबा की महिमा का गुणगान किया। इस दौरान भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री खाटू श्याम मस्त मंडल की ओर से किया गया है। महोत्सव के दूसरे दिन बाबा का दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के नोटों से बेहद खूबसूरती के साथ सजाया गया।
इस अवसर पर संकीर्तन में वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक बाबा चित्र-विचित्र महाराज ने मुझे रास आ गया है तेरे दर पे सर झुकाना... और मोर पंख वाला मिल गया, बांसुरी वाला मिल गया... जैसे भजनों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। कोलकाता के गायक सौरभ शर्मा ने ओ सांवरे ओ सांवरे... भजन सुनाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं चंडीगढ़ से आए भजन गायक मोनू दुआ ने श्याम तेरे भक्तों को तेरा ही सहारा है गीत पर भक्तों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चले इस संकीर्तन में भक्त बाबा की भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते रहे।
महोत्सव के दौरान बाबा श्याम को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। दरबार की छटा देखते ही बन रही थी। इसके साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में राजमा-चावल और आइसक्रीम वितरित की गई। सेवादारों ने बताया कि यह आयोजन 31 दिसंबर तक इसी उत्साह के साथ जारी रहेगा।