अंबाला छावनी में निर्मित डोमेस्टिक एयरपोर्ट। विभाग
अंबाला। लंबे समय से घरेलू हवाई सेवा का इंतजार कर रहे अंबाला और आसपास क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अंबाला डोमेस्टिक एयरपोर्ट अब टेक-ऑफ के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुका है।
हाल ही में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की उच्च स्तरीय टीम ने एयरपोर्ट का बारीकी से निरीक्षण किया और यहां की सुरक्षा जांच व मुस्तैदी पर पूरी तरह से सहमति जता दी है। इस मंजूरी के बाद अब बहुत जल्द अंबाला से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने की प्रक्रिया धरातल पर उतरेगी।
रक्षा मंत्रालय की जमीन पर तैयार हुआ प्रोजेक्ट : इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग ने रक्षा मंत्रालय से करीब 20 एकड़ जमीन ली थी। इस पर लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत आई है। सैन्य क्षेत्र और वायुसेना स्टेशन के साथ सटीक तालमेल बिठाते हुए इस सिविल एन्क्लेव को आकार दिया गया है, जो इस पूरे रीजन की कनेक्टिविटी को बदल कर रख देगा। एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन को बेहद आधुनिक और कम समय में तैयार होने वाली पोर्टा केबिन तकनीक से बनाया गया है। इस पूरे टर्मिनल इंफ्रास्ट्रक्चर को खड़ा करने में लगभग 25 करोड़ रुपये का खर्च आया है।