अंबाला। अमृतसर शादी में गए परिवार के घर के चोरों ने ताले तोड़ दिए। चोर घर से 45 हजार रुपये की नकदी, एक्टिवा सहित अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए। घर में चोरी होने की सूचना मकान मालिक को पड़ोसी ने फोन कर दी। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर बलदेव नगर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्रवीण कुमार ने बताया कि वह राज विहार बलदेव नगर का निवासी है और वह 6 अक्तूबर को अपने परिवार के साथ पंजाब के अमृतसर में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। 12 अक्तूबर को उसके पड़ोसी का फोन आया कि घर के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद वह तुरंत घर पहुंचे और देखा कि गेट व कमरों पर ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद कमरे में जाकर देखा तो वहां पर सारा सामान बिखरा हुआ मिला। चोरों ने अलमारी का ताला भी तोड़ा हुआ था, अलमारी में रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से एक सोने का हार, दो सोने की चूड़ियां, 1 जोड़ी सोने के कांटे, दो सोने की अंगूठी, 1 जोड़ी सोने की बालियां, 1 जोड़ी सोने के टॉप्स, 1 सोने की नथ सहित 45000 रुपये हजार नकद गायब थे। इसके साथ ही चोर घर में खड़ी एक्टिवा को भी चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत करीब चार लाख है। इसके बाद पुलिस ने प्रवीण की शिकायत पर चोरों के खिलाफ दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।