अंबाला। कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने डिट्स के माध्यम से काम करने वाले कर्मचारियों ने सोमवार को विरोध जताया। हाथों में पोस्टर लेकर कर्मचारियों ने जिला भर के राजस्व विभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों उप तहसील, तहसील, उपमंडल कार्यालय व उपायुक्त कार्यालय में रोष जताया। संघ ने आंदोलन के पहले चरण में फैसला लिया है कि कर्मचारी प्रतिदिन लंच टाइम में मांगों के पोस्टर व तख्तियां लेकर विरोध दर्ज करवाते रहेंगे। अगर हरियाणा सरकार डिट्स कर्मचारियों की कोई सुध नहीं लेती तो आंदोलन को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ हरियाणा के जिला संयोजक नैब सिंह ने बताया कि डिट्स एक स्वतंत्र सोसायटी है। जिसका गठन 2006 में राजस्व विभाग के रिकॉर्ड को कंप्यूटरीकृत करके जनता को पारदर्शी व बेहतर सुविधा देने के लिए किया गया था। आज हरियाणा सरकार डिट्स कर्मचारियों को नियमित करने की बजाए हरियाणा कौशल विकास निगम लिमिटेड कंपनी के अधीन कर कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। इसको लेकर समस्त कर्मचारियों में रोष है। कौशल विकास निगम लिमिटेड कंपनी का गठन असंवैधानिक है। वहीं निगम द्वारा एक काम के लिए अलग-अलग वेतन तय करना भी प्राकृतिक न्याय व नियमों के विरुद्ध है।