स्वीमिंग डे बोर्डिंग अकादमी के ट्रायल बुधवार को अंबाला शहर के सेक्टर-10 राजीव गांधी स्टेडियम व अंबाला कैंट वार हीरोज स्टेडियम में हुए। इस दौरान प्रदेश के 45 खिलाड़ियों ने ही स्वीमिंग की डे बोर्डिंग अकादमी के लिए दिलचस्पी दिखाई। इनमें से से ज्यादातर खिलाड़ी अंबाला के थे। वहीं जींद से केवल 10 खिलाड़ी ही पहुंचे।
प्रदेश के दूसरे शहरों से किसी ने भी पंजीकरण करवाना तक उचित नहीं समझा। स्वीमिंग कोच भी इतनी कम संख्या को लेकर हैरान थे। कोच का कहना था कि कोरोना काल में प्रशिक्षण का अभाव का ही असर था जो खिलाड़ियों की इतनी कम संख्या रही। बता दें कि प्रदेशभर में से केवल अंबाला को ही स्वीमिंग की डे-बोर्डिंग अकादमी के लिए चुना था। इसका कारण यह था कि अंबाला में करीब 40 करोड़ की लागत से ऑल वैदर स्वीमिंग पुल तैयार हुआ है जो इंटरनेशनल लेवल स्तर का है।
--------
बैटरी और गेम टेस्ट में खिलाड़ी ने दिखाई प्रतिभा, 25 का होगा चयन
सुबह ही खिलाड़ी सबसे पहले बैटरी टेस्ट के लिए बुधवार को अंबाला शहर के राजीव गांधी स्टेडियम में पहुंच गए थे। वहां पर फिटनेस व बैटरी टेस्ट देने के बाद ऑल वैदर स्वीमिंग पूल छावनी में पहुंचे। जहां खिलाड़ियों ने गेम टेस्ट दिया। ट्रायल के दौरान कोच विश्वजीत, परमजीत, सतपाल, पुर्णिमा, अशोक शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों के टेस्ट के बाद उनके रजिल्ट होल्ड कर दिए है। 31 मार्च को सभी कोच खिलाड़ी के प्रदर्शन के बाद ही 25 का चयन डे बोर्डिंग अकादमी के लिए करेंगे। अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को कोचिंग, डाइट के साथ करीब 6 हजार रुपये की कीमत वाली स्पोर्ट्स किट दी जाएगी। रहने का इंतजाम उन्हें खुद करना पड़ेगा।
--------------------