संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के नागरिक अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों की सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि अस्पताल की एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला को अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना के तहत अपग्रेड किया जाएगा।
इस परियोजना पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे अब मरीजों को कई नई और जटिल जांच सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। इसके अलावा अस्पताल में अन्य इलाज व जांच की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
मंत्री विज ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता को माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री जैसी उन्नत जांच सुविधाएं मुहैया कराना है। वर्तमान में इस अस्पताल में 124 प्रकार के टेस्ट नि:शुल्क किए जा रहे हैं। अब बजट जारी होने के बाद लैब में आधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी।
इससे जांच का दायरा और अधिक विस्तृत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना उनकी प्राथमिकता है और इसी कड़ी में लैब का विस्तार किया जा रहा है।