अंबाला स्थित गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में सरोवर की सेवा करते एचएसजीएमसी प्रधान जगदीश सिं
अंबाला। अंबाला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में रविवार सुबह गुरु चरणों में अरदास के बाद सरोवर की कार सेवा शुरू की। इसमें पंजोखरा साहिब गांव की संगत के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी काफी संख्या में संगत ने श्रमदान किया।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा भी अपनी कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ इस नेक कार्य में शामिल हुए। उन्होंने सेवा करने उपरांत संगत का शुक्राना किया और कहा कि गुरु घर की शोभा बढ़ाने के लिए कई ओर कार्य भी किए जाएंगे। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधक भाई कुलदीप सिंह भानोखेड़ी सहित मुख्य ग्रंथी भाई बूटा सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
एक करोड़ की लागत से लगेगा प्लांट
एचएसजीएमसी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि सरोवर में जल की पवित्रता बनाए रखने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। इस पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होगा। प्लांट लगने से पानी साफ व स्वच्छ रहेगा और सरोवर में भी काई व गंदगी नहीं जमेगी। यह प्लांट स्वत: ही सरोवर की गंदगी को दूर करने में सक्षम होगा।
मिल रहीं ये सुविधाएं
गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में संगत के लिए कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसमें लंगर की सेवा सहित वाहन पार्किंग की सुविधा शामिल है। इसके अलावा संगत के रहने के लिए कमरों आदि की भी व्यवस्था गुरु घर में की है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के तहत गुरुद्वारा साहिब के परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हरे-भरे पेड़-पौधे भी रोपित किए हैं।