सढ़ौरा दोसड़का मार्ग पर सोमवार को शाम करीब साढ़े सात बजे कार और मोटरसाइकिल में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई । हादसे के बाद आरोपी कार चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मामले में मृतक के ममेरे भाई की शिकायत के आधार पर मुलाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी । पुलिस को दी अपनी शिकायत में नरेंद्र कुमार निवासी होली ने बताया कि उसके मामा का लड़का सोनी निवासी बाकरपुर यमुनानगर पिछले चार पांच सालों से दोसड़का में में स्थित कश्यप इंजीनियरिंग वर्कस में काम कर रहा था। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह अपने मालिक भूरा के घर डुलियाना गांव जा रहा था तो सढ़ौरा दोसड़का मार्ग पर डुलियाना के पास एक अज्ञात कार चालक ने तेज गति व लापरवाही से कार चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया । टक्कर लगते ही सोनी मोटरसाइकिल से उछलकर कर सड़क पर गिरा। लहूलुहान हालत में राहगीरों ने उसे एमएम अस्पताल दाखिल कराया । जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित करार दिया । शिकायत के आधार पर मुलाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।