संवाद न्यूज़ एजेंसी
अंबाला सिटी। गोबिंदगढ़ में हुए मनिंदर कौर हत्याकांड की गुत्थी उलझ गई है। जिस कार में महिला का शव मिला था, पुलिस उसके मालिक मनिंदर सिंह की तलाश कर ही रही थी कि अब उसका शव भी रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला है। मालगाड़ी की चपेट में आने के कारण शव का धड़, बाजू और पैर अलग हो गए।
जीआरपी ने शव को 27 जून की दोपहर 4:38 मिनट पर घेल गांव के निकट रेलवे ट्रैक से बरामद कर लिया था और शिनाख्त न होने के कारण अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। लापता मनिंदर सिंह की तलाश करते हुए सोमवार सुबह परिजन जीआरपी थाने पहुंचे तो शिनाख्त हुई। पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास से मनिंदर सिंह की बाइक बरामद की। इस नए खुलासे के बाद अब पुलिस की सुई हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गई है।
अंबाला सिटी जीआरपी थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर यश पाल ने बताया कि 27 जून की दोपहर को किलोमीटर नंबर 273/4-6 दरम्यान शंभू के निकट एक युवक का शव मिला था। राजपुरा से अंबाला कैंट की तरफ जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट रूपेश कुमार ने बताया था कि पटरी पार करते हुए युवक ट्रेन की चपेट में आया था।
मृतक के लोअर की जेब से कोई दस्तावेज न मिलने के कारण शिनाख्त नहीं हो पाई थी। जो आईफोन था वो भी टूटा मिला था। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजन चाचा करनवीर व मामा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मनिंदर सिंह को पुलिस द्वारा पहले ढूंढ लेना चाहिए था। सोमवार को वह जीआरपी सिटी के पास पहुंचे थे। तब उन्हें पता चला था कि एक युवक का शव मिला है। जब देखा तो मनिंदर सिंह का था। वह चाहते हैं कि सच सामने आना चाहिए कि आखिर मनिंदर सिंह कैसे रेलवे ट्रैक पर पहुंचा।
अंबाला सिटी घेल रोड के पास से टूट मिला मृतक मनिंदर सिंह का आईफोन मोबाइल : संवाद
अंबाला सिटी घेल रोड के पास से टूट मिला मृतक मनिंदर सिंह का आईफोन मोबाइल : संवाद
अंबाला सिटी घेल रोड के पास से टूट मिला मृतक मनिंदर सिंह का आईफोन मोबाइल : संवाद