अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल अरूण।
चेहरे से गर्दन तक हुआ गहरा घाव, चंडीगढ़ किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। थाना पड़ाव के तहत रंगिया मंडी क्षेत्र में दुकान के बाहर शराब पीने का विरोध करने पर एक चाय विक्रेता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक के चेहरे से गर्दन तक गहरा घाव हुआ है। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर मां-बेटे सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रंगिया मंडी निवासी अरुण कुमार (33) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने घर के बाहर चाय की दुकान चलाते हैं। 5 सितंबर की रात को करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे। तभी पास की दुकान के बाहर विशु, राहुल और ऋषभ बैठकर शराब पी रहे थे। जब उन्होंने वहां पर शराब पीने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और धमकी देकर चले गए।
आरोप है कि करीब 10 मिनट के बाद विशु का भाई हिमांशु अपनी मां उषा देवी के साथ वहां पर आया। उषा देवी गालियां देने लगीं, तभी हिमांशु ने नुकीले हथियार से अरुण के चेहरे और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। परिजन पीड़ित को तत्काल नागरिक अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी भजन लाल ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।