अंबाला। छावनी जंक्शन के ठीक सामने नेशनल हाईवे पर बने फ्लाईओवर पर एक टैंकर रेलिंग और लाइटों को तोड़ता हुआ पलट गया। इस कारण करीब पौने पांच घंटे ट्रैफिक बाधित रहा। इस दौरान पड़ाव थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के अलावा होमगार्ड के जवान ट्रैफिक को फ्लाईओवर के नीचे से निकालने के लिए जद्दोजहद में जुटे रहे। वहीं, दिल्ली की ओर से पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली की ओर से आ रहे भारी वाहनों को नीचे से निकालने की वजह से यहां जाम के हालात पैदा हो गए।
इस दौरान थाना पड़ाव के एसएचओ सूरज चावला, ट्रैफिक प्रभारी एसआई जोगिंदर सिंह और अन्य पुलिस कर्मियों के साथ फ्लाईओवर के पास ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। दूसरी ओर, शास्त्री कॉलोनी के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास और रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस कर्मियों और होमगार्ड की टीमें ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में जुटीं रहीं।
नेशनल हाईवे पर पलटे टैंकर नंबर यूपी-16 एचटी 3245 पर हिंदुजा ग्रुप लिखा था। इसके सहायक ने बताया कि इस टैंकर में मैदा भरा था, इसका वजन टैंकर सहित 30 टन था। यह टैंकर उत्तर प्रदेश के नोएडा से हिमाचल के ऊना जिले में मैदे की सप्लाई करने जा रहा था, जो अंबाला फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित हो कर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक सचिव कुमार वासी हापुड़ उत्तर प्रदेश गंभीर रुप से जख्मी हो गया।
जाम में फंसी अंबाला एएसपी की गाड़ी
करीब पौने दो बजे से पलटे इस टैंकर को नेशनल हाईवे से करीब साढ़े छह बजे हटाया जा सका। इस बीच अंबाला की एएसपी की गाड़ी भी जाम में फंसी रही, जिसे दूसरी लेन से निकाला गया। इसके अलावा कई आपातकालीन सेवा वाहन जाम में फंस गए, इन्हें पुलिस की मदद से दूसरे रास्तों से गंतव्य के लिए निकाला गया।
निकाली आठ एंबुलेंस
करीब पौने पांच घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहने से आठ एंबुलेंस वाहन भी जाम में फंसे रहे। इन्हें तत्काल एसआई सुरेश कुमार, एसआई महा सिंह, सिपाही राहुल काजल और अनिल कुमार होमगार्ड की मदद से दूसरी लेन से निकाला गया। इनमें चार एंबुलेंस वाहन अंबाला और चार चंडीगढ़ की ओर से जाने वाले थी।