अंबाला सिटी। श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन पानीपत में किया जा रहा है। इसको लेकर प्रदेश के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने जिलेवासियों को आमंत्रण दिया। संदीप सिंह ने बताया कि पानीपत में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहां पर श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन, शिक्षाओं और उनके बलिदान से संबंधित जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी ताकि हमारी युवा पीढ़ी गुरु के बलिदानों और उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने बताया कि वह श्री दरबार साहिब से पवित्र जल लेकर आए हैं जो राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पधारने वाले रागी-ढाडियों व जत्थों को भेंट किया जाएगा। इसके अलावा संगत के लिए लंगर और रहने के लिए पंडाल की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से पानीपत में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
संदीप सिंह ने कहा कि सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी हर धार्मिक स्थल पर जाकर लोगों को इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दें। इसके साथ-साथ उन्होंने सभी पदाधिकारियों को यह भी कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से इसके बारे में जानकारी साझा करें ताकि अधिक से अधिक संगत पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्था इस आयोजन के लिए या संगत के लिए किसी प्रकार की कोई सेवा देना चाहती है तो वे इस बारे में प्रशासन को सूचित कर सकते हैं। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंडलायुक्त रेनू एस फुलिया व उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में जाने वाले लोगों के लिए बसों के साथ-साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इस अवसर पर एसजीपीसी के सदस्य हरपाल सिंह पाली ने खेल राज्य मंत्री को बताया कि वीरवार को पुरानी सब्जी मंडी शहर के नजदीक स्थित शीशगंज गुरुद्वारा साहिब में समागम का आयोजन किया जा रहा है।