क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान विजेता टीम के साथ मौजूद मुख्यातिथी व कोच।
- फोटो : Ambala
रविवार को ब्लू बैल्स स्कूल में अंडर 14 इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। प्रतियोगिता में चार टीमें टैगोर हाउस, नेहरू, शास्त्री व गांधी हाउस ने भाग लिया। फाइनल मैच में टैगोर हाउस के कप्तान रौनक सैणी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। टैगोर हाउस ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी की। 18 ओवर के फाइनल मैच में नेहरू हाउस की टीम को 16 ओवर में 66 रन पर आल आउट कर दिया।
टैगोर हाउस की तरफ से हर्षदीप सिंह व योतिश ने दो-दो विकेट, रौनक सैणी, आर्यन कंडेवाल व आरव शर्मा ने एक-एक विकेट लिया। नेहरू हाउस की तरफ से कप्तान रितिका मिनहास ने सबसे ज्यादा 25 रन व आर्यन कपूर ने 9 रन बनाए। 18 ओवर में 67 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टैगोर हाउस की टीम को नेहरू हाउस की टीम ने शुरुआती झटके दिए और मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। एक समय टैगोर हाउस के 53 रन पर 7 विकेट हो गए। मगर, टैगोर हाउस की तरफ से अभिलेख ने 20 रन व हर्षित धीमान ने 10 रन बनाकर 10 ओवर में टीम को जीत दिला दी। नेहरू हाउस की तरफ से फरहान, जैनिस ने तीन-तीन विकेट, आर्यन कपूर व रितिका मिनहास ने एक-एक विकेट लिया।
आरव बने मैन ऑफ द सीरीज
शानदार गेंदबाजी कर 4 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लेने वाले टैगोर हाउस के हर्षदीप सिंह मैन ऑफ द मैच रहे। टूर्नामेंट में आलराउंडर प्रदर्शन करने वाले आरव शर्मा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। आरव शर्मा ने टूर्नामेंट में 60 रन बनाए और 5 विकेट लिए। टूर्नामेंट में बेस्ट बैट्समैन व बेस्ट फिल्डर का खिताब नेहरू हाउस की कप्तान रितिका मिनहास को दिया गया। रितिका ने लड़की होते हुए लड़कों के टूर्नामेंट में न केवल हिस्सा लिया, बल्कि टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 117 रन बनाए। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 8 विकेट लेने वाले टैगोर हाउस के हर्षदीप को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्यन कपूर व यश कुमार को अपकमिंग स्टार का पुरस्कार दिया गया।
आशीष का हरियाणा की टीम में चयन
कोच विनय दत्ता ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आशीष शर्मा का बीसीसीआई अंडर-19 आयु वर्ग में हरियाणा और डॉ. परमिंदर कौर पम्मी का सीनियर वूमेन चंडीगढ़ की टीम में चयन हुआ है। फाइनल मैच में प्राचार्य राजीव मेहता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न व मेडल देकर सम्मानित किया।