अंबाला। भारत विकास परिषद की सदर शाखा का वर्ष 2026-27 के लिए दायित्व ग्रहण समारोह फारूखा खालसा स्कूल में संपन्न हुआ। समारोह में नई कार्यकारिणी ने समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्यभार संभाला। कैबिनेट मंत्री अनिल विज स्वास्थ्य कारणों से शिरकत नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने संदेश भेजकर नई अध्यक्ष सुरभि भारद्वाज व उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं।
प्रांतीय अध्यक्ष कपिल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सुरभि भारद्वाज को अध्यक्ष, रवि अग्रवाल को सचिव और विकास गुप्ता को वित्त सचिव के रूप में शपथ दिलाई गई। प्रांतीय महासचिव अतुल गोयल ने दायित्व प्रदान किए, जबकि समाजसेवी धर्मपाल गुलाटी विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान 11 नए सदस्यों को भी परिषद की शपथ दिलाई गई। हितेश भारद्वाज और राजकुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और प्रीतिभोज के साथ हुआ।