अंबाला सिटी। सिटी राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबाला शहर में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मेजर प्रोजेक्ट्स को दर्शाने के लिए प्रोजेक्ट प्रदर्शनी लगाई गई। इस मौके पर विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट प्रदर्शित कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि विधायक असीम गोयल ने सभी प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया । उन्होंने कहा कि बहुतकनीकी संस्थानों में पढ़ रहे विद्यार्थी काफी होनहार हैं। इनमें बहुत कुछ करने की प्रतिभा है। विशिष्ट अतिथि अनिल जैन निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने सभी प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। संस्थान प्रिंसिपल डॉ. राजीव सपरा ने सभी प्रतिभागियों और उनके मार्गदर्शक प्राध्यापकों को बधाई दी।
एग्रो स्प्रे मशीन से 15 से 17 फुट तक कर सकेंगे स्प्रे
मेकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने एंड्रायड नियंत्रित एग्रो स्प्रे मशीन बनाई। इस मशीन में ऊपर दो पाइप लगे हैं। जिनमें स्प्रे के लिए दवाई निकलती हैं। इस मशीन को बनाने में करीब 12 हजार खर्च हुए हैं। मशीन में 2 पंप, कंट्रोल पैनल, गियर मोटर भी लगे हैं। खास बात यह है कि यह मशीन मोबाइल से ब्लूटूथ के माध्यम से कनेक्ट होने से चलती है। इस मशीन में 4 पहिए लगे हैं। यह मशीन किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी। जिससे आसानी से खेतों में फसल में स्प्रे कर सकेंगे। इस प्रोजेक्ट को अभिषेक, अभिषेक कुमार, आदित्य सिद्धार्थ, अंकित, आसिफ अली, बृजेश सैनी, जसमीत सिंह, जतिन शर्मा ने विभागाध्यक्ष जेएस नारंग के नेतृत्व में हितेश चावला, जीएस नारंग के सहयोग से बनाया है।
इलेक्टि्क गो कार्ट गाड़ी आसानी से घूमने में करेगी मदद
इलेक्टि्कल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों ने इलेक्टि्क गो कार्ट तीन टायर वाली कार बनाई। जिसमें एक सीट लगी है। यह कार छोटे एरिया जैसे किसी संस्थान, कंपनी में घूमने या थोड़ा सामान इधर-उधर ले जाने में कारगर होगी। इससे कंपनी में कोई सर्वे भी किया जा सकता है। इसमें आगे दो और पीछे की तरफ एक टॉयर लगा है। इसे बनाने में 60 हजार खर्च आया है। विद्यार्थियों को यू-ट्यूब पर देखकर इसका आइडिया आया। इसमें 4 बैटरी लगी हैं। एक बार चार्ज में 20 से 25 किलोमीटर तक चल सकती है। यह प्रोजेक्ट आयुष, दुर्गेश, हिमांशु, करन सैनी, मानिक, राजन, विजय, इमरान, कमल, मोहित ने विभागाध्यक्ष आरएल सैनी के नेतृत्व में पूनम सैनी, शर्मिला, मोहम्मद मोहसीन की देखरेख में बनाया। वहीं इस तरह विद्यार्थियों ने कई प्रोजेक्ट बनाए।