अंबाला सिटी। जेसीआई ने शुक्रवार को गुडबॉय टू एग्जाम फोबिया पर सेमिनार कर बोर्ड परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों को एग्जाम फोबिया से दूर रहने के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षामंत्री चौधरी कंवर पाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। साथ ही विधायक असीम गोयल ने परीक्षा के डर को भगाने और परीक्षा देने के बारे में छात्रों को प्रेरित किया।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए सख्त मेहनत करनी चाहिए। परीक्षा की तैयारी के लिए तनाव नहीं लेना चाहिए। जीवन में संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। परीक्षा की तैयारी करते समय स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे तुलना न करें कि उनके बच्चों के नंबर परीक्षा में किसी अन्य विद्यार्थी से कम आए हैं।
शहर के विधायक असीम गोयल ने कहा कि कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता। माता-पिता व अभिभावकों का आशीर्वाद विद्यार्थियों के लिए खजाना होता है। इस मौके पर जेसीआई के प्रधान शशांक अग्रवाल, मोटिवेशन स्पीकर एवं ट्रेनर केशव जैन, माइंड ट्री स्कूल के चेयरमैन दीपक मोंगिया, अंशुल, जोन प्रधान तुषार मित्तल, सचिव लक्षित अग्रवाल मौजूद रहे।
यह बोले छात्र
जल्द ही परीक्षा शुरू होने वाली है। यह सच है कि परीक्षा से पहले टेंशन होती है, मगर हमारी ओर से पूरी तैयारी की जा रही है, ताकि परीक्षा के दिनों में टेंशन न हो और हम आराम से परीक्षा दे सकें।
- तेजस, छात्र
कार्यक्रम का काफी लाभ मिला है जो भी संस्था की ओर से बताया गया है, हमारा प्रयास रहेगा कि हम उस पर अमल करते हुए परीक्षा की तैयारी करें। अध्यापकों की ओर से भी विशेष टिप्स दिए जा रहे है।
- ध्रुव, छात्र
सभी छात्रों का प्रयास रहता है कि उनके परीक्षा में सबसे अधिक अंक आएं। हम उसके लिए तैयारी कर रहे हैं जो भी अध्यापकों की ओर से बताया व सिखाया जा रहा है, उस पर अमल कर रहे हैं।
- तुषार, छात्र
परीक्षाएं से पहले ही हमने तैयारी तेज कर ली है। पुराने प्रश्नपत्र हल करने के साथ ही उन विषयों पर ध्यान दे रहे हैं जो थोड़े कमजोर हैं, ताकि परीक्षा के दौरान कोई विषय छूट न जाए।
- गगनजीत, छात्र