मुलाना। रहस्यमय हालात में बुधवार देर रात बिना किसी को बताए अलियासपुर स्थित महर्षि कात्यायन वैदिक गुरुकुल से भागे तीनों नाबालिग विद्यार्थी अपने-अपने घर पहुंच गए हैं। जिससे गुरुकुल प्रबंधन ने राहत की सांस ली है। अभी उनका जाने के कारण का कुछ पता नहीं चल पाया है। मुलाना पुलिस कारण जानने में जुटी है।
शिकायतकर्ता विद्याव्रत ने बताया कि टीकरी कुरुक्षेत्र का रहने वाला 16 वर्षीय नौवीं कक्षा का छात्र वीरवार को ही अपने अभिभावकों के पास पहुंच गया था। वहीं अन्य दो छात्र जोकि नौवीं व सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं, वे भी शुक्रवार को अपने-अपने घर पहुंच गए। सभी छात्र सकुशल हैं।
बता दें कि बुधवार देर रात करीब 12 बजकर 50 मिनट पर कात्यायन वैदिक गुरुकुल अलियासपुर से तीन नाबालिग छात्र बिना अनुमति के बिना किसी को बताए गुरुकुल छात्रावास से चले गए थे। लापता छात्रों में एक 16 वर्षीय नौवीं का छात्र गांव बंथर, उन्नाव, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। दूसरा 16 वर्षीय नौवीं कक्षा का छात्र टीकरी कुरुक्षेत्र और तीसरा छात्र 13 वर्ष कक्षा सातवीं में पढ़ने वाला शेरपुर सहारनपुर उतर प्रदेश का रहने वाला है। मुलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी थी।
जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि तीनों छात्र सकुशल अपने-अपने घर पहुंच गए हैं। छात्रों को अभिभावकों सहित थाना बुलाया गया है। इसके बाद गुरुकुल से जाने के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।