बराड़ा। क्षेत्र में बढ़ते प्लास्टिक कचरे और पॉलीथिन के अंधाधुंध इस्तेमाल पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने आमजन और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्लास्टिक और वैक्स कोटेड डिस्पोजल का मोह छोड़ें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
एसडीएम ने बताया कि गर्म पेय पदार्थों के लिए वैक्स कोटेड गिलासों का उपयोग कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों को दावत दे रहा है। ये रसायन शरीर के पाचन तंत्र और हार्मोनल संतुलन को बिगाड़ रहे हैं। पर्यावरण के नजरिए से भी यह कचरा सैकड़ों वर्षों तक नष्ट नहीं होता, जिससे भूमि और जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं।
प्रशासन की तैयारी और निर्देश : दुकानदारों को प्लास्टिक और डिस्पोजल की बिक्री तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीम ने कहा कि नगर पालिका विशेष अभियान चलाकर प्रतिबंधित सामग्री बेचने वालों पर भारी जुर्माना लगाएं। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लघंन करने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। लोगों से मिट्टी, कागज और स्टील के बर्तनों का उपयोग करने का आग्रह किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। संवाद