संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। मेरी मौत का कारण ईशा है जिसने मुझे बहुत परेशान किया। सॉरी मां, सॉरी पापा, सॉरी भाई... मैं अच्छा बेटा नहीं बन पाया। 23 अप्रैल को अपने घर पर फंदे से लटका मिला वार्ड नंबर 12 निवासी तरुण कुमार (26) की जेब से तीन पेज का सुसाइड नोट लिखा मिला है। हालांकि सुसाइड नोट में तरुण के हस्ताक्षर नहीं हैं। युवक ने अपनी मौत का कारण पत्नी और उसके प्रेमी की ओर से उसका उत्पीड़न करना बताया है।
थाना प्रभारी नारायणगढ़ के अनुसार, मां कीर्तन से घर लौटी थी तो बेटे ने घर की कुंडी पर चुनरी से फंदा लगा रखा था। पुलिस ने मृतक के पिता हरीश कुमार की तहरीर पर तरुण की पत्नी ईशा और उसके प्रेमी मनीष सैणी व खाटू श्याम कंपनी काला आम्ब के कुछ सुरक्षा गार्ड पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह कार्रवाई आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 108 के तहत की गई है।
सिक्योरिटी गार्ड से पिटवाने का आरोप : मृतक तरुण कुमार के पिता हरीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने करीब 8 साल पहले यमुनानगर निवासी ईशा के साथ प्रेम विवाह किया था। दंपती का साढ़े छह साल का बेटा है। पिता का आरोप है कि करीब 4 साल पहले ईशा उनके बेटे को छोड़कर काला आंब में अलग रहने लगी थी, जिसके बाद तरुण नशे का आदी हो गया। पिता ने बताया कि ईशा अंबली निवासी मनीष सैणी के साथ रह रही थी और दोनों मिलकर तरुण को प्रताड़ित कर रहे थे। 22 अप्रैल को तरुण काला आंब में कंपनी में नौकरी के लिए गया था। वहां पर उसकी पत्नी ईशा आई और तरुण को वहा बैठे देखकर उसके साथ गाली गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
बेटा सिक्योरिटी ऑफिसर को बोलकर घर के लिए निकल गया था। जैसे ही वह कंपनी में काला आंब के पास पहुंचा तो वहां पहले से ही उसकी पत्नी ईशा व 4/5 सुरक्षा गार्ड ने बेटे को पीटा था।