पशुबाड़े में आग से छह पशुओं की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य पशु झुलस गए। यही नहीं आग से पशुपालक के गोदाम में रखा लगभग 250 क्विंटल भूसा भी जलकर राख हो गया। हादसे का कारण हाई वोल्टेज के तारों से निकली चिंगारी को बताया जा रहा है। आधी रात को लगी आग की सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मशक्कत के बाद सुबह तक काबू पाया जा सका।
पशुपालक रोशन लाल निवासी नारायणगढ़ के अनुसार उसने नारायणगढ़ बरौली मार्ग पर अपने पशुओं के लिए एक पक्का पशु बाड़ा बनाया हुआ है, जिसमें लगभग दो दर्जन पशु थे। शुक्रवार की देर रात जब वह अपने पशुबाड़े में सो रहा था तो रात्रि लगभग 1:30 बजे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी और उसकी आंख खुल गई। उसने देखा कि उसके पशुबाड़े में आग लगी हुई है। वह घबरा गया और आनन फानन में बाड़े से बाहर निकल कर चिल्लाने लगा। तभी शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पर एकत्रित हो गये, लेकिन तब तक आग भड़क चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने आग बुझाना शुरू किया। दमकल विभाग के कर्मियों की भारी मशक्कत के उपरांत सुबह लगभग 8 बजे तक आग पर काबू पाया गया। रोशन लाल ने बताया कि इस अग्निकांड में उसका एक झोटा, एक कटड़ा, तीन झोटियां तथा एक गाय जलकर मर गई। इसके अलावा 16 पशु जिनमें भैंस, बैल व कटड़ा-कटड़ी थे झुलसने से जख्मी हो गये। इसके अलावा पशुओं के लिए रखा गया लगभग 250 क्विंटल भूसा भी जलकर खराब हो गया। आग का कारण पशुबाड़े की छत के पास से गुजर रही बिजली की हाई वोल्टेज तारों से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। सहायक पुलिस उप निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
सांसद से लगाई मदद की गुहार
पीड़ित रोशन लाल ने शनिवार को दोपहर बाद अपने कुछ अन्य परिजनों के साथ स्थानीय सैनी भवन में पूर्व मंत्री एवं कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी से मुलाकात की और अपनी आपबीती सुनाकर मदद की गुहार लगाई। सांसद ने रोशन लाल को हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।