कोरोना का कहर जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार जिले में नए संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। बुुधवार को भी जिले में सात नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में 47 मरीज सक्रिय हो गए हैं। जबकि अभी तक 509 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक 7 लाख 36 हजार 751 सैंपल लिए गए हैं। इसमें से 6 लाख 55 हजार 148 एनटीपीसीआर और 81 हजार 308 सैंपल एंटिजन किट से लिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को मिले मामलों में अंबाला शहर से एक, अंबाला कैंट से दो, शहजादपुर से एक, बराड़ा से दो और नारायणगढ़ से एक संक्रमित शामिल है। वहीं कोविड पोर्टल के अनुसार अभी तक 17 लाख 86 हजार 733 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया है। इसमें 9 लाख 18 हजार 152 लोगों को पहली डोज तो 8 लाख 68 हजार 581 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। अब स्वास्थ्य विभाग 15 से 18 साल के युवाओं को कोरोना से बचाव की डोज लगाने की तैयारी कर रहा है।