अंबाला। हरियाणा राज्य एंटी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस दल ने थाना महेशनगर में दर्ज मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए 6 अक्तूबर 2022 को आरोपी मोनू निवासी थाना गढ़ी जिला जींद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। उसके एक साथी को पुलिस 22 सितंबर को नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है
22 सितंबर 2022 को हरियाणा राज्य एंटी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस दल को सूचना मिली थी कि अंबाला छावनी के दीना मंडी का रहने वाला विकास उर्फ गोलू मादक पदार्थों की तस्करी का काम करता है। सूचना पर हरियाणा राज्य एंटी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस दल ने बीडी फ्लोर मिल पुलिया के पास नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान एक युवक की तलाशी लेने पर उससे 10 ग्राम 98 मिलिग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस पर उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना महेशनगर में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि आरोपी मोनू निवासी थाना गढ़ी जिला जींद भी इस मामले में संलिप्त है।