संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर क्षेत्रवासियों को जल्द ही एक आधुनिक और सुसज्जित नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट की सौगात मिलने जा रही है। नगर परिषद ने क्षेत्र के कायाकल्प की तैयारी पूरी कर ली है। परियोजना के तहत नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट के समीप ओपन ग्रीन स्पेस, व्यवस्थित पार्किंग और आगंतुकों के बैठने के लिए विशेष सिटिंग एरिया विकसित किया जाएगा।
नगर परिषद ने इसके निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 29,54,604 रुपये की निविदा जारी की है। नाइट फूड मार्केट में आने वाले लोगों और परिवारों के बैठने के लिए बेंच और आधुनिक ओपन सिटिंग का प्रबंध किया जाएगा। वहीं, वाहन चालकों की सुविधा और सड़कों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए एक समर्पित पार्किंग स्थल का निर्माण होगा। इसी प्रकार पर्यावरण सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए हरित पट्टी और ओपन ग्रीन स्पेस विकसित किया जाएगा।
-
टेंडर प्रक्रिया व तिथियां
हरियाणा सरकार के स्थानीय निकाय विभाग द्वारा इस कार्य के लिए ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल से ऑनलाइन बोलियां आमंत्रित की गई हैं। एजेंसी को बयाना राशि के तौर पर 59,100 रुपये जमा करवाने होंगे। निविदा के तहत 2500 रुपये दस्तावेज शुल्क निर्धारित किया गया है। निविदा में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 अक्तूबर तय की गई है।
4 करोड़ से तैयार की गई है मार्केट
लगभग 4 करोड़ की लागत से अंबाला-साहा नेशनल हाईवे पर गांधी मैदान के साथ नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट का निर्माण किया गया है। इस वातानुकूलित मार्केट में लगभग 60 दुकानें बनाई गई हैं, जहां फास्ट-फूड से लेकर स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाएंगे। हालांकि अभी रेट निर्धारण की फाइल पिछले लगभग डेढ़ माह से निकाय विभाग के निदेशालय में लंबित है। यही कारण है कि करोड़ों की लागत से तैयार नाइट फूड स्ट्रीट अब चोरों के निशाने पर है और यहां चोरी के दो मामले कैंट थाने में दर्ज हो चुके हैं और चोर भी अब पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
निविदा प्रक्रिया संपन्न होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट में आने वाले दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र का व्यापारिक वातावरण भी सुदृढ़ होगा। - स्वर्ण कौर, अध्यक्ष, नप सदर, अंबाला।