अंबाला सिटी। प्रचंड गर्मी ने सभी को झुलसा दिया है। 26 मई से लगातार तीन दिन अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। गर्मी लगातार बढ़ रही है। पिछले चार दिनों में दो बार 44.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रविवार के बाद मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। लू के साथ झुलसा देते वाली गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
खास तौर पर सुबह 9 बजे से ही घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शाम 7 बजे तक गर्मी बेहाल कर रही है। मंगलवार दिन में भी तल्ख गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी। वहीं, बिजली और पानी की खपत भी बढ़ने से परेशानी हो रही है। फीडर व ट्रांसफार्मर पर ओवरलोड होने से बिजली तार टूटने व फ्यूज उड़ने की समस्या आ रही है। इसी तरह बिजली न आने व लो वोल्टेज के कारण पीने के पानी के लिए दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
एक और दो जून को मिलेगी राहत
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 31 मई तक खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है। दिन के समय गर्म पश्चिमी हवाएं अर्थात लू चलने के आसार हैं। तापमान बढ़ने से बीच-बीच में हल्के बादल व धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है, लेकिन एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 31 मई रात्रि से मौसम में बदलाव संभावित हैं। इससे एक और दो जून को राज्य में आंशिक बादलवाई, हवाएं चलने और कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना है। जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट संभावित है।
लगातार तीन दिन से 44 डिग्री पार हो रहा तापमान
तारीख अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
25 मई 42.6
26 मई 44.8
27 मई 44.5
28 मई 44.8
अवकाश पर भी स्कूल आ रहे विद्यार्थी
गर्मी ज्यादा होने से विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सोमवार को प्रदेश के सभी राजकीय और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए थे और सभी स्कूलों को 28 मई से 30 जून तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को छावनी के महेश नगर क्षेत्र में कुछ निजी स्कूलों में विद्यार्थी पहुंचे। यह विद्यार्थी दोपहर में करीब 12 बजे झुलसाती गर्मी में अपने घर जा रहे थे। कुछ बच्चों ने कपड़े से सिर ढका था। इनमें मिक्की मॉडल स्कूल के विद्यार्थी भी स्कूल से दोपहर में घर जा रहे थे। मिक्की मॉडल स्कूल संचालक कुलबीर ने बताया कि पहली से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के चार से पांच दिन पहले ही ग्रीष्मकालीन अवकाश किए जा चुके हैं। विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाया जा रहा। अगर सीनियर कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया गया होगा तो उनको अवकाश के लिए गृह कार्य देने के लिए बुलाया होगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि 28 मई से 30 जून तक सभी राजकीय और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए हैं। सभी स्कूल अवकाश में बंद रहेंगे। अगर किसी स्कूल में विद्यार्थियों को बुलाया जा रहा है तो बीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।