Sashastra Seema Bal's cycle tour reaches Ambala, will leave for Karnal today
- फोटो : Ambala
अंबाला। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में सशस्त्र सीमा बल द्वारा निकाली जा रही साइकिल यात्रा मंगलवार शाम को अंबाला के किंगफिशर पर्यटन स्थल पहुंची। यहां पहुंचने पर डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त अधीक्षक अभियंता भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड रविंद्र श्योकंद, पशुपालन विभाग से डॉ. अजमेर सांगवान, एसडीओ हरप्रीत सिंह, श्याम सुंदर व लोगों ने साइकिलिंग की अगुवाई कर रही सशस्त्र सीमा बल के कमांडेट अधिकारी अनिल नेहरा व अन्य प्रतिभागियों को फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।
साइकिल यात्रा रात्रि विश्राम के बाद सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर मधुबन अकादमी करनाल के लिए रवाना होगी। सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट अधिकारी एवं साइकिल यात्रा की अगुवाई कर रहे अनिल नेहरा ने बताया कि आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में देश के विभिन्न स्थानों से 10 साइकिल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय कृत प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी हिमाचल प्रदेश से यह साइकिल यात्रा 26 सितंबर को शुरू हुई है तथा वहां से शुरू होकर ऊना व रोपड़ से होते हुए अंबाला पहुंची है। इस यात्रा में 15 प्रतिभागी शामिल रहे। यह साइकिल यात्रा 550 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 2 अक्तूबर को दिल्ली राजघाट पहुंचेगी। बताया कि साइकिल यात्रा के माध्यम से हम शहीदों को नमन करते हुए जहां भी रास्ते में शहीदी स्मारक आ रहे हैं वहां पर जाकर उन्हें श्रद्धासुमन भी अर्पित कर रहे हैं।