अंबाला/नारायणगढ़। बुड्ढा खेड़ा गांव में सियासी रंजिश बुधवार सुबह 11 बजे नए कार्यकारी सरपंच के चुनाव के दौरान खूनी संघर्ष में बदल गई। निलंबित सरपंच सहित चार लोगों ने सरपंच पद की दावेदार महिंद्रो देवी के पति पर उस समय हमला कर दिया, जब वह बाइक पर महिला पंच को बाइक पर वोट डलवाने ले जा रहे थे।
रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपियों ने कार से पीड़ित की बाइक को रोक लिया और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में लाभ सिंह के दोनों हाथ व टांगों में फ्रैक्चर आ गया जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला पंच को भी सड़क पर नीचे गिरा दिया। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने निलंबित सरपंच गुरदीप सिंह व अन्य पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
कार्यकारी सरपंच का स्थगित हुआ चुनाव, अब 28 को दोबारा होगा : गांव में कार्यकारी सरपंच का चुनाव कराने के लिए पंचायत सेक्रेटरी अमन कुमार आए थे। आंबेडकर भवन में सुबह 11 बजे कोरम पूरा करने के लिए वोटिंग हो रही थी उससे पहले ही हमला होने पर चुनाव को स्थगित कर दिया गया। दोबारा चुनाव 28 मई को दोपहर 2 बजे होगा। चुनाव के दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।
इस हमले के बाद नारायणगढ़ थाना पुलिस ने गुरदीप सिंह सहित अन्य पर स्वेच्छा से चोट पहुंचाना धारा 115, गलत तरीके से रास्ता रोकना धारा 126, अपराधिक धमकी धारा 351(2), सामान मंशा धारा 3(5) के तहत की गई।